मनोहर पर्रिकर का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति, उनकी आत्मा को शांति मिले - बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह
लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का रविवार को निधन हो गया. वह 63 साल के थे. राजनीति में अपने सरल और सीधे स्वभाव के कारण चर्चा में रहने वाले पर्रिकर एक मंझे हुए राजनेता थे. बीजेपी में मनोहर पर्रिकर पहले ऐसे नेता थे, जिन्होंने साल 2013 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की दावेदारी की वकालत की थी. पीएम मोदी से मनोहर पर्रिकर का रिश्ता इतना करीबी था कि जब 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने प्रचंड जीत के साथ सरकार का गठन किया तो मोदी एक से एक काबिल लोगों को अपनी कैबिनेट में जगह देना चाहते थे, इसी क्रम में उनकी नजर गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर पर गई और सरकार गठन के करीब छह महीने बाद उन्हें दिल्ली बुला लिया और रक्षा मंत्रालय जैसा भारी भरकम जिम्मा सौंपा.




























