यूट्यूबर ‘यूके07 राइडर’ अनुराग डोभाल ICU में भर्ती, पिता ने संपत्ति से किया बेदखल
Dehradun News: यूट्यूबर अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘यूके07 राइडर’ के नाम से जाना जाता है, वे अस्पताल के ICU में भर्ती हैं.

उत्तराखंड के फेमस यूट्यूबर अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘यूके07 राइडर’ के नाम से जाना जाता है, इस समय गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं. जानकारी के अनुसार उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि इस घटना में उनके कूल्हे की दोनों हड्डियां टूट गई हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
इसी बीच परिवार से जुड़ा एक और मामला सामने आने के बाद यह घटना और चर्चा में आ गई है. अनुराग के पिता जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने देहरादून के एक स्थानीय अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कर अपने बेटे अनुराग डोभाल और उनकी पत्नी ऋतिका चौहान को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने की घोषणा की है.
'अनुराग और उनकी पत्नी का परिवार की संपत्ति से कोई संबंध नहीं'
अखबार में प्रकाशित विज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अनुराग और उनकी पत्नी का अब परिवार की संपत्ति से कोई संबंध नहीं है. साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि भविष्य में यदि दोनों किसी प्रकार का आर्थिक या अन्य लेन-देन करते हैं तो उसकी जिम्मेदारी परिवार की नहीं होगी.
विज्ञापन सामने आने के बाद लोगों का रिएक्शन
यूट्यूबर अनुराग डोभाल के परिवार की तरफ से जारी यह विज्ञापन के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोग अनुराग की सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग परिवार के इस फैसले पर भी सवाल उठा रहे हैं.
अनुराग के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना
आपको बता दें कि, अनुराग डोभाल उत्तराखंड के प्रसिद्ध मोटरसाइकिल व्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर हैं. उनके यूट्यूब चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर हैं और वे अपनी बाइक राइडिंग, ट्रैवल और लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो के लिए जाने जाते हैं. फिलहाल अनुराग की स्थिति को लेकर अस्पताल या परिवार की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.



















