आजमगढ़ के विकास यादव कौन जिनका 1 नहीं 10 वोट? अखिलेश ने सबसे कराई मुलाकात
यूपी में SIR के बाद SSR पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने आजमगढ़ के विकास यादव का परिचय सभी से कराया और कहा कि ऐसे ही मामलों में BJP मतदान के दौरान फायदा उठा सकती है.

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने SIR और SSR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. 15 अक्टूबर,गुरुवार को अखिलेश यादव ने आजमगढ़ सदर विधानसभा सीट पर एक ही व्यक्ति विकास यादव के नाम पर 10 वोट दर्ज होने का दावा किया था. इसके अगले दिन 16 अक्टूबर, शुक्रवार को उन्होंने विकास यादव नाम को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सामने बुलाकर अपने आरोप दोहराए.
अखिलेश ने दावा किया कि युवक के नाम पर अलग-अलग बूथों पर कई वोट दर्ज हैं, जबकि वह पहली बार मतदान करने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ियों का फायदा उठाकर बीजेपी फर्जी वोट डलवा सकती है.
15 अक्टूबर को अखिलेश ने क्या आरोप लगाया था?
अखिलेश यादव ने 15 अक्टूबर को आजमगढ़ जिले की 347-आजमगढ़ सदर विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए कहा था कि विकास यादव नाम के एक व्यक्ति के नाम पर 10 वोट दर्ज हैं. उन्होंने मतदाता सूची दिखाते हुए कहा, 'आप लाइव देख सकते हैं कि उसके 10 वोट हैं. आजमगढ़ सदर विधानसभा में एक ही व्यक्ति के नाम पर 10 वोट दर्ज हैं. हाउस नंबर, नाम और माता-पिता का नाम एक ही है. ऐसे में SIR का क्या फायदा हुआ?'
उन्होंने आगे कहा था, 'आप देखिए, एक व्यक्ति के 10 वोट हैं. वह खुद एक वोट डालेगा और बाकी नौ वोट बीजेपी वाले डाल लेंगे.' इस दौरान अखिलेश ने कहा कि अलग-अलग वोटर आईडी नंबर होने के बावजूद अगर नाम और दूसरी जानकारियां एक जैसी हैं, तो इस पर सवाल उठना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग अतिरिक्त वोट बनवाकर चुनाव में उनका फायदा उठाते हैं.
विकास यादव पर आज क्या बोले अखिलेश?
16 अक्टूबर को अखिलेश यादव ने इसी मामले को आगे बढ़ाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने 100 विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट वोटों से जुड़ा डेटा चुनाव आयोग को दिया है. उनके मुताबिक, पार्टी ने अपने स्तर पर ऐसे मतदाताओं की पहचान की है, जिनके नाम पर दो, तीन, चार या पांच बार तक वोट दर्ज होने का दावा है.
अखिलेश ने कहा, 'कल ही जब हम लोगों ने सवाल उठाया और कहा कि कई ऐसे वोटर हैं, जिनके कई वोट बन गए हैं, तो हमने 100 विधानसभा क्षेत्रों का डेटा चुनाव आयोग को दिया. हमने आयोग से कहा कि यह सूची हमारी है, जिसे हम अपने स्तर पर पता कर पाए हैं. इसमें डबल, ट्रिपल, चार और पांच वोट दर्ज होने के मामले हैं.'
उन्होंने विकास यादव का जिक्र करते हुए कहा, 'इसी कड़ी में बड़ी मेहनत के बाद समाजवादी पार्टी ने एक ऐसे नौजवान का वोट ढूंढा, जो पहली बार मतदान करेगा. देखिए, उसे उपहार में क्या दिया गया. चुनाव आयोग ने उसे जैसे यह गिफ्ट दिया हो कि एक वोट मत डालना, 10 वोट डालना. पहले यहां डालना, फिर यहां डालना और फिर यहां डालना.'
'घर नहीं गिरने देंगे...'
इसके बाद अखिलेश यादव ने विकास यादव को मंच पर बुलाया. उन्होंने युवक को आश्वस्त करते हुए कहा कि उसे डरने की जरूरत नहीं है और अगर उसका घर गिराया गया तो समाजवादी पार्टी नया घर बनवाएगी. इसके बाद उन्होंने युवक का परिचय देते हुए कहा कि वह पनापुर गांव का रहने वाला है और उसके नाम पर अलग-अलग जगहों पर कई वोट दर्ज हैं.
अखिलेश के मुताबिक, विकास यादव के नाम पर खुदवल में पांच जगह, हुसैनगंज में दो जगह और कोठवा में एक जगह नाम दर्ज है. उन्होंने कहा कि युवक सीधा-सादा और पढ़ने-लिखने वाला है तथा उसे खुद भी जानकारी नहीं थी कि उसके नाम पर कितने वोट दर्ज हैं.
अखिलेश ने आरोप लगाया, 'इस बच्चे को तो पता ही नहीं था कि इसके कितने वोट बने हुए हैं. इसने तो एक ही वोट बनवाया होगा. बीजेपी के लोगों ने चुनाव आयोग से मिलकर इसे उपहार दिया कि जाओ, तुम्हारा हर जगह वोट होगा, जहां जाना चाहो डाल देना. लेकिन सच्चाई यह है कि यह ईमानदार व्यक्ति है और एक जगह वोट डालेगा, जबकि बीजेपी वाले इसके बाकी वोट डाल देंगे. यही साजिश है.'






















