जानिए, क्यों यूपी की सड़कों पर नहीं होगी आरती ना पढ़ी जाएगी नमाज
उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने प्रदेश की सड़कों पर आरती और नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती है।

लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश की सड़कों पर अब ना तो आरती होगी और ना ही नमाज पढ़ी जाएगी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह ने यह आदेश दिया है। ओपी सिंह के मुताबिक, सार्वजनिक जगहों पर ऐसा कुछ नहीं करने की अनुमति दी जा सकती है जिससे यातायात और सामान्य जीवन बाधित हो। डीजीपी सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि धार्मिक स्थानों पर जब भी नमाज या आरती की व्यवस्था हो तो उसमें कोई भी व्यक्ति सड़कों पर नहीं आना चाहिये ताकि यातायात बाधित न हो। उन्होंने कहा कि यह निर्देश प्रदेश के सभी जनपदों में लागू होगा।
ओपी सिंह ने आगे कहा, 'इस बात के मौखिक निर्देश में हमने कहा है कि पीस कमेटी की मीटिंग बुलाकर आपसी सौहार्द का वातावरण बनाकर इस प्रकार की कार्रवाई शुरू की जाये। मैं समझता हूं कि हमारा यह प्रयोग सफल होगा।'
गौरतलब है कि पिछले दिनों राज्य के अलीगढ़ और मेरठ जिले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़कों पर धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी थी।























