मुजफ्फरनगर: पुजारी की हत्या के मामले में खुलासा, बाप-बेटे गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में बीते दिनों मंदिर के पुजारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. पुजारी ने आरोपी जीशान के घर बेटा होने की भविष्यवाणी की थी.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय मंदिर के पुजारी की हत्या के मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने करीब डेढ़ महीने पहले एक परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी की थी लेकिन, बेटी पैदा होने पर विवाद हो गया. इसी रंजिश में पिता-पुत्र ने कथित तौर पर पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, हत्या के बाद गांव के ही एक व्यक्ति को फंसाने के लिए घटनास्थल पर उसकी फोटो भी फेंक दी. पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है.
बेहद चौंकाने वाला ये मामला मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित शिव मंदिर का है. जहां 13 अक्टूबर को मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाँच शुरू की.
बेटा होने की भविष्यवाणी निकली गलत
पुलिस को घटनास्थल से गांव के ही हरेंद्र नाम के व्यक्ति की फोटो मिली, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से जाँच शुरू कर दी. मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया. पुलिस जांच में सामने आया कि गांव के रहने वाले हाशिम और उसके बेटे जीशान का पुजारी के साथ विवाद हुआ था.
पुलिस के मुताबिक, पुजारी ने जीशान के घर बेटा होने की भविष्यवाणी की थी लेकिन उसके बेटी हुई. करीब डेढ़ महीने पहले जीशान की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था. इसी बात को लेकर पिता का पुजारी के साथ विवाद हो गया जिसके बाद उसने अपने पिता हाशिम के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया.
पिता-पुत्र ने की पुजारी की हत्या
पुलिस का दावा है कि दोनों ने पुजारी की हत्या करने के साथ-साथ गांव के ही हरेंद्र को फंसाने की साजिश भी रची थी. इसके लिए घटनास्थल पर हरेंद्र की फोटो फेंकी गई, ताकि पुलिस का शक उसकी तरफ जाए. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और यक्ष ऐप से मिली जानकारी के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए हाशिम और उसके बेटे जीशान को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल, 315 बोर के दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.






















