एक्सप्लोरर
Rajasthan Election 2023: 3 बार की MLA का टिकट काट पूर्व मंत्री के बेटे को उतारा, BJP को नदबई में होगा फायदा या बढ़ेगी बगावत
Rajasthan BJP Candidate 4th List: बीजेपी ने नदबई विधानसभा से तीन बार की विधायक रहीं कृष्णेंद्र कौर दीपा का टिकट काट दिया. बदले में पूर्व विदेश मंत्री कुंवर नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह को मौका दिया है.

(नदबई से BJP ने काटा कृष्णेन्द्र कौर दीपा का टिकट)
Source : ABP live
Rajasthan Elections 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज अपने प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट जारी की है. बीजेपी ने भरतपुर (Bharatpur) जिले की नदबई विधानसभा सीट पर तीन बार से लगातार विधायक रही और 2018 के विधानसभा चुनाव को लगभग 4 हजार वोट से हारने वाली राजपरिवार की सदस्या कृष्णेंद्र कौर दीपा (Krishnendra Kaur Deepa) का टिकट काट दिया है. इनकी जगह पर पार्टी ने अब नदबई विधानसभा सीट से पूर्व विदेश मंत्री कुंवर नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह (Jagat Singh) को मैदान में उतारा है. कुंवर जगत सिंह भारतीय जनता पार्टी से भरतपुर के जिला प्रमुख हैं. जगत सिंह पहले कांग्रेस पार्टी में थे, लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी में आ गए.
दरअसल, जगत सिंह ने साल 2013 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर भरतपुर जिले की कामां विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जाहिदा खान को हराया था. जगत सिंह ने साल 2018 में भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर बहुजन समाज पार्टी जॉइन की थी. इसके बाद जगत सिंह ने अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर BSP के टिकट पर चुनाव लड़ा था और वहां वो तीसरे नंबर पर रहे. जगत सिंह ने बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर फिर से 2020 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और भरतपुर में बीजेपी के जिला प्रमुख बने.
कृष्णेंद्र कौर दीपा निर्दलीय लड़ेंगी चुनाव?
वहीं कृष्णेन्द्र कौर दीपा ने साल 2003 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नदबई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत कर विधानसभा पहुंची थीं. इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर लगातार दो बार 2008 और 2013 में विधायक चुनी गईं, लेकिन साल 2018 के चुनाव में कृष्णेन्द्र कौर दीपा बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जोगिन्दर सिंह अवाना से लगभग 4 हजार वोट से चुनाव हार गई थीं. पूर्व राजपरिवार के सदस्य कृष्णेंद्र कौर दीपा बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. वहीं अब कयास लगाया जा रहा है कि शनिवार को कृष्णेंद्र कौर अपना निर्दलीय नामांकन दाखिल करेंगी. अगर कृष्णेंद्र कौर दीपा निर्दलीय चुनाव लड़ती हैं, तो कांग्रेस और बीजेपी दोनों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
और पढ़ें






















