Ranchi Students Protest: अनशन में छिपकर खा रहे खाना? जयराम महतो ने दिया ऐसा जवाब
Ranchi Students Protest: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने कहा कि भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बहुत ही ज्यादा खराब है.

जेपीएससी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और उनके सहयोगी महेंद्र आमरण अनशन पर बैठे हैं. इस बीच आंदोलन का समर्थन कर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने प्रतिक्रिया दी है.
देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत ज्यादा खराब है- जयराम महतो
विधायक जयराम महतो ने कहा, ''अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बहुत ही ज्यादा खराब है. अनशन का पांचवां दिन है. 5 दिन से बिल्कुल भी अन्न का ग्रहण नहीं किए हैं. बीच में डेढ़-दो दिन जल का भी त्याग कर दिए थे. सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत हुई, जिसके बाद इन्होंने जल ग्रहण करने का निर्णय लिया है. महेंद्र जी भी अनशन पर हैं और जल ग्रहण नहीं कर रहे हैं. उनको मैं खुद आज जलग्रहण के लिए अपील करूंगा. यह भूख हड़ताल है, इसमें जल का त्याग नहीं किया जाता है.''
AJSU के आरोपों पर क्या बोले विधायक जयराम महतो?
जब उनसे पूछा गया कि AJSU वाले आरोप लगा रहे हैं कि हड़ताल करने वाले रात में छिपकर खाना खा रहे हैं. इस सवाल पर विधायक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा, ''मेडिकल की टीम है. क्या आपको लगता है कि जो राज्य स्तर का आंदोलन है, जिसकी चर्चा हर जगह मीडिया में है, वहां ये सब होगा? यह इतना आसान है क्या? इसका मतलब है कि आजसू वाले अपनी अपरिपक्वता का परिचय दे रहे हैं.
ये सिर्फ द्वेष की भावना से की गई टिप्पणी- जयराम महतो
उन्होंने आजसू पर हमला बोलते हुए आगे कहा, ''जो 25 सालों से राजनीति में रहे हैं, कई वर्षों तक सत्ता में रहे हैं, उनको तो इस बात का अनुभव होना चाहिए कि मेडिकल टीम जांच करती है. मेडिकल टीम ये पता कर सकती है कि इन्होंने क्या खाया है? आटा, मैदा खाया है कि चावल खाया है. ये सिर्फ और सिर्फ द्वेष की भावना से की गई टिप्पणी है.''
मैंने सीएम से संवाद करने की अपील की- जयराम महतो
जयराम महतो ने ये भी कहा, ''मैं राज्य सरकार से अपील कर रहा हूं और बैठकों में भी बात को रख रहा हूं. कल और आज दोनों बैठक में मैंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा कि जितनी जल्दी हो सके संवाद कीजिए. भूख हड़ताल पर देवेंद्र जी बैठे हैं, महेंद्र जी बैठे हैं. उनकी तबीयत नासाज हो रही है. धीरे-धीरे तबीयत ज्यादा बिगड़ रही है. बातचीत कीजिए नहीं तो अप्रिय घटना घट सकती है.''
13 दिन से छात्रों का आंदोलन जारी
बता दें कि रांची में पिछले 13 दिन से छात्रों का आंदोलन जारी है. JPSC-JSSC पेपर में धांधली के खिलाफ छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं. इस बीच विपक्ष भी इस आंदोलन में कूद पड़ा है. बीजेपी हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रही है. इस बीच आज (06 अगस्त) झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र भी शुरू हो गया. उससे पहले विपक्ष ने विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन भी किया.























