बिहार: मुजफ्फरपुर में जूनियर इंजीनियर की हत्या, घर में घुसकर चाकू गोदा, जानिए पूरा मामला
Muzaffarpur Murder: घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर की है. शव को देखने से लग रहा था कि चाकू से कई बार वार किए गए होंगे. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार (07 जुलाई, 2025) तड़के एक जूनियर इंजीनियर की हत्या कर दी गई. चोरी करने के लिए घर में घुसे चोरों ने विरोध करने पर कनीय अभियंता मो. मुमताज को चाकू से गोदकर मार डाला. घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर की है.
मो. मुमताज वैशाली के भगवानपुर प्रखंड में पोस्टेड थे. बताया जाता है कि चोरी करने की नीयत से चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसे थे. घटना के वक्त घर में मो. मुमताज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर में सो रहे थे. मुमताज ने जब लूटपाट का विरोध किया तो चोरों ने पत्नी और बच्चों के सामने ही चाकू गोदकर मौत के घाट उतार दिया.
घटना सुबह 3 से 4 बजे के करीब की है. शव को देखने से लग रहा था कि चाकू से कई बार वार किए गए होंगे. मो. मुमताज वैशाली जिले के देढूआ गांव के रहने वाले थे. माड़ीपुर में किराए के मकान में रहते थे. घटना की जानकारी मिलते ही मुमताज के परिजन पहुंचे. सूचना मिलने के बाद काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस भी पहुंची. सिटी एसपी कोटा किरण कुमार भी पहुंचे. मृतक की पत्नी और बच्चों से पूछताछ की गई है.
छोटे भाई ने क्या कहा?
घटना के संबंध में मो. मुमताज के छोटे भाई ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें यह सूचना मिली कि उनके बड़े भाई की हत्या हो गई है. लूटपाट हुई है? इस पर जवाब में कहा कि सामान तो बिखड़ा हुआ है. पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे. किसी पर कोई शक है? इस पर कहा कि गांव के ही कुछ लोग हैं जो धमकी देते थे. विवाद कुछ नहीं है. याद नहीं है लेकिन 2014-15 में इनकी (मो. मुमताज) नौकरी लगी थी.
इस मामले में सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि घटना लगभग तीन बजे के आसपास की है. 4 बजे के करीब सूचना मिली है. टेक्निकल टीम और एफएसएल की टीम भी आई है. एसडीपीओ-एसएचओ भी पहुंचे हैं. घटनास्थल से चाकू मिला है. लूट का मामला भी प्रतीत हो रहा है लेकिन जांच के बाद स्पष्ट रूप से पता चलेगा. ज्वेलरी आदि गायब हुआ है. पत्नी अभी बहुत कुछ नहीं बता पा रही है. सीसीटीवी का हार्ड डिस्क, मोबाइल आदि भी बदमाश ले गए हैं.
यह भी पढ़ें- Bihar News: नालंदा में ताबड़तोड़ फायरिंग, किशोर समेत 2 लोगों की हत्या, बिहार में फिर बड़ा कांड!
Source: IOCL

























