‘जहां जाना चाहते चले जाएं’, कुशवाहा के हिस्सा लेकर जाएंगे वाले ट्वीट पर नीतीश की प्रतिक्रिया, कहा- महागठबंधन एकजुट
Nitish Kumar Statement: नीतीश कुमार ने कहा कि वो तीन बात जेडीयू में आए. हमेशा उनको सम्मान दिया, पोस्ट मिला. फिर वह जाना चाहते हैं तो चले जाएं.

पटना: बिहार जेडीयू में ऑल इज वेल नहीं है. बुधवार को उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने एक ट्वीट किया जिसमें लिखा था कि अपना हिस्सा लिए बिना कैसे चले जाएं. इस पर गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कुशवाहा को जो बोलना है बोलते रहें. हम उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं. तेजस्वी की ओर देखा फिर दोनों ने मुस्कुराते हुए एक ही रिएक्शन दिया कि सब ठीक है.
‘वो तीन बार जेडीयू में आए फिर जाना चाहते तो जाएं’
नीतीश कुमार बोले कि महागठबंधन सात दलों का है. सभी एकजुट हैं. महागठबंधन पर कोई असर नहीं होगा. उपेंद्र कुशवाहा की हम चर्चा भी नहीं करना चाहते. वो तीन बार जेडीयू में आए. अब फिर दूसरी जगह जाना चाहते हैं तो जाएं. जब जब साथ रहे हम उनको सम्मान देते रहे हैं. साल 2021 में जब फिर वापस आए तो उनका पूरा ख्याल रखा गया. उनको जो भी बात करनी है पार्टी के अंदर करना चाहिए. वो बस मीडिया में बयानबाजी कर रहे हैं. ट्वीट के जरिए अपनी बातें रख रहे. ऐसा थोड़े न होता है. मैं उनको लेकर कुछ भी नहीं कहना चाहता.
कुशवाहा ने किया था ट्वीट
उपेंद्र कुशवाहा इन दिनों अपनी अनदेखी से नाराज चल रहे हैं. बुधवार को ट्वीट के जरिए उन्होंने कहा कि “बड़ा अच्छा कहा भाई साहब आपने...! ऐसे बड़े भाई के कहने से छोटा भाई घर छोड़कर जाने लगे तब तो हर बड़का भाई अपने छोटका को घर से भगाकर बाप-दादा की पूरी संपत्ति अकेले हड़प ले. ऐसे कैसे चले जाएं अपना हिस्सा छोड़कर.” कुशवाहा ने नीतीश के एक बयान का पलटवार करते हुए ये ट्वीट किया था.
जेडीयू में तनातनी
नीतीश कुमार ने कहा था कि जितनी जल्दी चाहें उतनी जल्दी उपेंद्र कुशवाहा जेडीयू से चले जाएं. पार्टी की ओर से फिलहाल कोई भी बीजेपी के संपर्क में नहीं हैं. जो खुद संपर्क में रहता है वह दूसरों के बारे में बताता है. बता दें कि साल 2021 में कुशवाहा ने अपनी पार्टी आरएलएसपी का जेडीयू में विलय किया था. नीतीश ने तुरंत उनको संसदीय बोर्ड का राष्ट्रीय अध्यक्ष और एमएलसी बनाया, लेकिन कुशवाहा बिहार सरकार में बड़ा मंत्रालय और उपमुख्यमंत्री के पद की चाहत रख रहे थे.
यह भी पढ़ें- Lalan Singh: ‘बिहार में महागठबंधन अटूट’, ललन सिंह का दावा- ऑल इज वेल, कुशवाहा पर भी दी प्रतिक्रिया
























