नई दिल्ली/रांची: भारत ने शनिवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में बारिश से बाधित पहले टी-20 मैच में आस्ट्रेलिया को नौ विकेटों से हरा दिया. आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 18.4 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए थे, तभी बारिश ने मैच रोक दिया. काफी देर बाद बारिश रुकने के कारण अंपायरों ने भारत को छह ओवरों में 48 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया. इस लक्ष्य को भारत ने 5.3 ओवरों में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारत ने रोहित शर्मा (11) के रूप में एक मात्र विकेट खोया. भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने 14 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 22 रन बनाए. शिखर धवन ने 12 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 15 रनों की पारी खेली. लेकिन इस मुकाबले में विराट कोहली ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं अपनी बेहतरीन फील्डिंग से भी सभी फैंस का दिल जीत लिया. जी हां, विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई पारी के 19वें ओवर की पहली गेंद पर एक ऐसा रन-आउट किया. जिसकी चर्चा चारों ओर होने लगी. बारिश से ठीक पहले पारी 19वें ओवर में कप्तान विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार को गेंदबाज़ी के लिए बुलाया. इस वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवरों में 113 रन बनाकर 7 विकेट गंवा चुकी थी. तभी पहली गेंद पर डेन क्रिस्चयन ने एक सीधा शॉट खेला. जिसे बाउंड्री लाइन पर खड़े कप्तान कोहली ने पकड़ा और अपनी चीते से रफ्तार में थ्रो सीधा विकेटकीपर एंड पर फेंका. लेकिन विराट का वो थ्रो इतना सटीक था कि एमएस धोनी भी महज़ विकेटों के पीछे खड़े रहे और गेंद को छू भी ना पाए. विराट की वो सीधी थ्रो जाकर विकेटों पर लगी और डेन क्रिस्चयन को वापस पवेलियन लौटना पड़ा.
देखें वीडियो: