पंड्या-राहुल विवाद पर बोले सौरव गांगुली- हम इंसान हैं, मशीन नहीं कि हमेशा परफेक्ट रहेंगे, आगे बढ़ें
गांगुली ने विवाद के बारे में कहा कि लोग गलतियां करते हैं, हमें ज्यादा आगे नहीं बढ़ना चाहिए. हम इंसान हैं, मशीन नहीं कि हम हमेशा परफेक्ट रहेंगे.

मुंबई: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल की महिला विरोधी टिप्पणी के संदर्भ में चल रहे विवाद पर गुरुवार को अपनी बात रखी. उन्होंने कहा,''हमें आगे बढ़ जाना चाहिए’ क्योंकि मुझे भरोसा है कि ये दोनों इससे सीख लेंगे और बेहतर इंसान बनेंगे.''
गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा कि उन्होंने ‘कॉफी विद करण’ का एपिसोड नहीं देखा जिसमें पंड्या और राहुल की महिला विरोधी टिप्पणियों के कारण उन पर अस्थायी निलंबन लगा. उन्होंने इन दोनों से सहानुभूति भी जतायी.
गांगुली ने विवाद के बारे में कहा, ‘‘लोग गलतियां करते हैं, हमें ज्यादा आगे नहीं बढ़ना चाहिए. मुझे भरोसा है कि जिसने भी यह किया है, वो इसे महसूस करेगा और बेहतर इंसान बनेगा. हम इंसान हैं, मशीन नहीं कि हम हमेशा परफेक्ट रहेंगे. हमें आगे बढ़ जाना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसा दोबारा नहीं हो. ’’
बता दें कि कुछ दिन पहले ही करण जौहर के शो में के एल राहुल और हार्दिक पांड्या ने कुछ ऐसी बातें कही थी जो आपत्तिजनक थी. उनकी महिला विरोधी बातों को लेकर सोशल मीडिया पर दोनों की खूब किरकिरी हुई. इसके बाद बीसीसीआई ने कड़ा कदम उठाते हुए दोनों को जांच तक क्रिकेट के निलंबित कर दिया है.
(ABP न्यूज फ्री टू एयर चैनल है. ABP न्यूज को अपने बेसिक पैक का हिस्सा बनाने के लिए केबल/डीटीएच ऑपरेटर से संपर्क करें.जब चैनल चुनें, सबसे आगे रखें ABP न्यूज, क्योंकि ABP न्यूज देश को रखे आगे.)























