वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं चुने जाने से शुभमन गिल निराश, कहा- कोशिश जारी रहेगी
शुभमन गिल ने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड दौरे पर डेब्यू किया था. लेकिन बाद में टीम में जगह नहीं बना पाए.

INDvWI : वेस्टइंडीज दौरे के लिए रविवार को भारतीय टीम का एलान हो चुका है. इस साल की शुरुआत में वनडे में डेब्यू करने वाले युवा खिलाड़ी शुभमन गिल को किसी भी टीम में जगह नहीं मिली. न्यूजीलैंड दौरे पर के एल राहुल की जगह लेने वाले शुभमन गिल ने इस बात पर निराशा जाहिर की है. शुभमन का मानना है कि उन्हें कम से कम ट्वेंटी-ट्वेंटी या वनडे टीम में जगह मिलने की उम्मीद थी.
शुभमन गिल को भारतीय टीम के भविष्य के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन वेस्टइंडीज दौरे पर सिलेक्टर्स ने अनुभवी मनीष पांडे के साथ श्रेयश अय्यर को उन पर प्राथमिकता दी. शुभमन इस वक्त इंडिया A के साथ वेस्टइंडीज के दौरे पर हैं और उन्होंने वहां काफी अच्छा प्रदर्शन भी किया है.
शुभमन ने कहा, ''मैं रविवार को टीम इंडिया के चुने जाने का इंतजार कर रहा था. मुझे उम्मीद थी कि कम से कम एक टीम में मुझे जगह मिल जाएगी. नहीं चुने जाने पर मुझे निराशा हुई है, पर अब मैं इसके बारे में ज्यादा वक्त तक नहीं सोचने वाला.''
इंडिया A के लिए खेलते हुए वेस्टइंडीज दौरे पर शुभमन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए. उन्होंने कहा, ''मैं आगे भी रन बनाने की कोशिश करता रहूंगा, मुझे उम्मीद है सिलेक्टर्स मेरे प्रदर्शन को देखेंगे.'' हालांकि शुभमन ने कहा है कि उन्हें वेस्टइंडीज दौरे पर काफी कुछ नया सीखने को मिला.
गिल अभी वेस्टइंडीज में ही रहेंगे. इंडिया A को वेस्टइंडीज A के साथ तीन टेस्ट की सीरीज खेलनी है और गिल उस टीम का हिस्सा हैं.
वेस्टइंडीज टीम में दो साल बाद हुई नरेन की वापसी, पोलार्ड को भी जगह मिली






















