KKR vs MI: रोहित की 80 रनों की पारी की बदौलत मुंबई ने कोलकाता को दिया 196 रनों का लक्ष्य
आईपीएल 2020 के पांचवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले खेलते हुए 195 रन बनाए हैं.

KKR vs MI: आईपीएल 2020 के पांचवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले खेलते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए. मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने 54 गेंदो में सबसे ज्यादा 80 रन बनाए. रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंदो में 47 रनों की तुफानी पारी खेली.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और सलामी बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक दूसरे ही ओवर में एक रन बनाकर चलते बने. हालांकि, इसके बाद सूर्यकुमार यादव 47 और रोहित 80 ने दूसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की.
रोहित ने अपनी अर्धशतकीय पारी में तीन चौके और छह छक्के लगाए, वहीं सूर्यकुमार ने छह चौके और एक छक्का लगाया. आईपीएल 2020 में रोहित का यह पहला अर्धशतक है. इसके साथ ही रोहित ने आईपीएल में अपने 200 छक्के भी पूरे कर लिए. वहीं रोहित अब आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए. इन दोनों के अलावा सौरभ तिवारी ने 13 गेंदो में 21 और हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदो में 18 रन बनाए.
वहीं कोलकाता के लिए पैट कमिंस काफी महंगे साबित हुए. कमिंस ने तीन ओवर में 49 रन दिए. सुनील नारेन और युवा शिवम मावी ने कमाल की गेंदबाज़ी की. नारेन ने अपने चार ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया. वहीं मावी ने अपने कोटे के चार ओवर में एक मेडन के साथ 32 रन देकर दो विकेट चटकाए.




















