क्रिकेटर मोहम्मद शमी सड़क हादसे में घायल, सिर में लगे 10 टांके, अब आराम कर रहे हैं
क्रिकेटर मोहम्मद शमी कई दिनों से देहरादून में क्रिकेट मैच की प्रैक्टिस कर रहे थे. जिसके बाद वह आज सुबह पांच बजे के करीब दिल्ली लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रक ने शमी की कार को टक्कर मार दी.

नई दिल्ली: क्रिकेटर मोहम्मद शमी देहरादून से दिल्ली आते वक्त सड़क हादसे में जख्मी हो गए हैं. उनके सिर में चोट लगी है और 10 टांके लगाए गए हैं. डॉक्टरों के मुताबिक शमी को मामूली चोट लगी है और घबराने की कोई बात नहीं है. उन्हें अस्पातल से छुट्टी दे दी गई है और फिलहाल देहरादून में आराम कर रहे हैं. मोहम्मद शमी दिल्ली के सफर पर थे तो उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मारी. इस टक्कर में कार के ड्राइवर और एक अन्य शख्स को भी चोटें आई हैं.
आपको बता दें कि शमी कई दिनों से देहरादून में अभिमन्यु क्रिकेट अकेडमी में प्रैक्टिस कर रहे थे. जिसके बाद वह आज सुबह पांच बजे के करीब दिल्ली लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रक ने शमी की कार को टक्कर मार दी.
27 वर्षीय शमी खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरो-ताजा करने के लिये बंगाल के बल्लेबाज और भारत ए के खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन के पिता द्वारा चलायी जा रही अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में दो दिन की ट्रेनिंग कर रहे थे. उन्होंने कहा था कि वह अपनी पत्नी हसीन जहां के आरोपों के बाद मानसिक रूप से परेशान थे. शमी ने इन सभी आरोपों से इनकार किया था.
अभिमन्यु के पिता ईश्वरन ने कहा, ''मोहम्मद शमी ठीक हैं. वह देहरादून में ट्रेनिंग करने के बाद दिल्ली लौट रहे थे, तब उनकी कार की हल्की टक्कर हो गयी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया और उनके सिर में कुछ टांके लगे हैं. वह बिलकुल ठीक है और उन्हें एक दिन के आराम की सलाह दी गयी है. उन्हें कल ही अस्पताल से छुट्टी मिल गयी थी और वह एक निजी स्थान पर हैं. अगर वह अच्छा महसूस करते हैं तो वह कल दिल्ली लौट जायेंगे. ऐसी कोई चोट नहीं लगी है जिससे उनकी आईपीएल में भागीदारी पर असर पड़े.''
क्लेमेंटाउन के पुलिस थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि आशारोडी के समीप यह टक्कर हुई, इस दुर्घटना में शमी को हल्की चोटें आयी हैं और अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुटटी दे दी गयी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार दुर्घटना में उनके एक मित्र और कार चालक को भी हल्की चोटें आयी हैं. नेगी ने बताया कि शमी कार दिल्ली जा रहे थे कि तभी सामने से आ रहे ट्रक ने अपने आगे चल रही एक बस को ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी कार को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया जिसके चालक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शमी के मित्र ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है.

मोहम्मद शमी हाल ही में पत्नी हसीन जहां के आरोपों के बाद चर्चा में आए थे. हसीन जहां ने हत्या का प्रयास, दूसरे महिला से संबंध और मैच फिक्सिंग जैसे आरोप लगाये थे. उन्होंने शमी और उनके परिवार वालों के खिलाफ कोलकाता में आठ मार्च को एफआईआर दर्ज कराई थी. हालांकि शमी को पाकिस्तानी लड़की अलिश्बा से पैसे लेने के मामले में प्रशासकों की समिति (सीओए) से क्लीनचिट मिल गई है.
सीओए ने बीसीसीआई से शमी को केंद्रीय अनुबंध में शामिल करने को कहा है. हसीन जहां ने कहा था कि शमी ने दुबई में पाकिस्तान की महिला से मुलाकात की और उससे पैसे लिए. बीसीसीआई अधिकारियों ने इसे भी गलत पाया. मोहम्मद शमी इस बार आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से खेलेंगे।






















