Virat Kohli: पिछली 20 टेस्ट पारियों में बुरी तरह खामोश रहा किंग कोहली का बल्ला, लगाया सिर्फ एक अर्धशतक
Virat Kohli Poor Run: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला टेस्ट फॉर्मेट में पिछली 20 पारियों में बुरी तरह से संघर्ष करते हुए दिखाई दिया है.

Virat Kohli Last 20 Test Innings: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के 3 टेस्ट मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी और पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला अभी तक खामोश ही दिखाई दिया है. इस टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले सभी को ऐसी उम्मीद थी कि किंग कोहली अपने पुराने फॉर्म में दिखाई देंगे लेकिन अभी तक उसकी झलक भी फैंस को देखने को नहीं मिली है. पिछली 20 टेस्ट पारियों में कोहली का बल्ला पूरी तरह से खामोश देखने को मिला है.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के 3 मुकाबलों में विराट कोहली ने अभी तक 22.20 के औसत से सिर्फ 111 रन ही बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में कोहली के इस फॉर्म को देखते हुए अब टीम में उनकी जगह को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं. पिछले 3 सालों में यदि देखा जाए तो कोहली ने टेस्ट फॉर्मेट में लगभग 25 के औसत से रन बनाए हैं.
साल 2019 में विराट कोहली ने आखिरी बार टेस्ट क्रिकेट में शतकीय पारी खेली थी जो बांग्लादेश के खिलाफ ईडन गार्डन्स मैदान पर आई थी. हालांकि इसके बाद तीनों ही फॉर्मेट में कोहली का संघर्ष देखने को मिला था, जिसके बाद साल 2022 में एशिया कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में कोहली ने अपने शतकों का इंतजार खत्म किया. वहीं वनडे में भी कोहली ऐसा करने में कामयाब हुए थे लेकिन टेस्ट में अब तक वह इस खराब दौर को खत्म करने में सफल नहीं हो सके हैं.
पिछली 20 पारियों में सिर्फ 1 बार अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए कोहली
विराट कोहली की यदि पिछली 20 टेस्ट पारियों को देखा जाए तो वह सिर्फ 1 बार ही 50 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो सके हैं जब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2022 में न्यूलैंड्स के मैदान पर 79 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद से कोहली की यदि सर्वाधिक रनों की पारी देखी जाए तो वह 45 रन की रही है जो श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट मैच के दौरान आई थी.
यह भी पढ़ें...


















