एक मैच और पांच विकेट, क्या सबसे आगे निकल पाएंगे कुलदीप यादव
भारत के तीन बड़े खिलाड़ी साल के अंतिम वनडे के साथ रिकॉर्ड बुक में पहुंच सकते हैं

भारत और विंडीज के बीच पांच मैचों की सीरीज का आखिरी वनडे गुरुवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीन फील्ड मैदान पर खेला जाएगा. एक तरफ जहां भारतीय टीम सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी तो वहीं टीम के स्टार चाइनामैन कुलपीद यादव की नजर एक नए रिकॉर्ड पर होगी.
कुलदीप अगर इस मैच में पांच विकेट अपने नाम कर लेते हैं तो साल 2018 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. कुलदीप ने इस साल अब तक 18 मैच खेले हैं जिनमें 17.77 की औसत से 44 विकेट चटकाए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ 25 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है.
इस साल सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान सबसे आगे हैं उन्होंने 20 मैच में 48 विकेट अपने नाम किए हैं.
कुलदीप इस सीरीज में तीन मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने सबसे अधिक 8 विकेट झटके हैं. हालाकि तिरुवनंतपुरम के मैदान पर वो दूसरी बार करियर में पांच विकेट लेने में सफल हो पाते हैं या नहीं इसका जवाब मैच के बाद ही पता चल पाएगा.
बल्लेबाजी की बात करें तो इस लिस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली 13 मैच में 1169 रनों के साथ सबसे आगे हैं. इस साल उनके बल्ले से 6 शतक और 3 अर्द्धशतक आए हैं. वहीं भारत के उप कप्तान रोहित शर्मा को हजार रन के क्लब में शामिल होने के लिए महज 33 रनों की जरूरत है. अगर वो इस आंकड़े को पार कर लेते हैं तो कोहली,जॉनी बेयरस्टो(1025) के बाद तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी इस मैच में एक रन लेते ही भारत की ओर से 10000 रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन जाएंगे. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और विराट कोहली इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं.
धोनी ने वनडे करियर में कुल 10174 रन बनाए जिनमें 174 रनों की पारी एशिया इलेवन की ओर से खेलते हुए बनाया था.
Source: IOCL
















