सबसे बड़ा गैर परमाणु बम गिराए जाने के बाद शीर्ष अमेरिकी अधिकारी अफगानिस्तान दौरे पर

काबुल: अमेरिकी सेना की तरफ से पूर्वी अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर अपना सबसे बड़ा गैर परमाणु बम गिराए जाने के चंद दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल एचआर मैक्मास्टर आज काबुल पहुंचे.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत के रूप में अपनी पहली अफगानिस्तान यात्रा पर आए मैक्मास्टर ने ट्विटर पर कहा कि उन्हें ‘‘पारस्परिक सहयोग पर अत्यंत महत्वपूर्ण बात करनी है.’’ अफगानिस्तान के प्रेजडेंशल पैलेस ने ट्वीट किया, ‘‘काबुल में स्वागत लेफ्टिनेंट जनरल एचआर मैक्मास्टर और आपके सतत सहयोग के लिए शुक्रिया.’’ बृहस्पतिवार को अमेरिकी सेना ने पहली बार अफगानिस्तान में नागरहार प्रांत के आचिन जिले में आईएस के ठिकानों पर अपना जीबीयू-43 बी मैसिव ऑर्डनेंस एअर ब्लास्ट नाम का बम गिराया था जिसे ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्स’ कहा जाता है.
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि इस बम हमले में 95 आतंकी मारे गए. इसने कहा कि इसमें कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ है.























