Russia Ukraine War: यूक्रेन की राजधानी कीव में सख्त कर्फ्यू, सड़कों पर दिखने वाला हर शख्स माना जाएगा दुश्मन
कर्फ्यू शाम 5 बजे शुरू होगा, जो कि सुबह 8 बजे तक लागू रहेगा. मेयर ने कहा कि कर्फ्यू के दौरान जो भी आम नागरिक गलियों और सड़कों पर दिखाई देंगे, उन्हें घुसपैठिया माना जाएगा.

रूसी सैनिकों ने शनिवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश किया और सड़कों पर घमासान शुरू हो गया है. इस बीच यूक्रेन की राजधानी कीव में सख्त कर्फ्यू का एलान किया गया है. कीव के मेयर ने कहा है कि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले को दुश्मन समझा जाएगा. कर्फ्यू शाम 5 बजे शुरू होगा, जो कि सुबह 8 बजे तक लागू रहेगा. मेयर ने कहा कि कर्फ्यू के दौरान जो भी आम नागरिक गलियों और सड़कों पर दिखाई देंगे, उन्हें घुसपैठिया माना जाएगा.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि हम कीव और इसके चारों तरफ प्रमुख बिंदुओं को नियंत्रित कर रहे हैं. जो लोग हमारी मदद करना चाहते हैं, हम उन्हें हथियार उपलब्ध कराएंगे. हमें इस युद्ध को रोकने की जरूरत है, हम शांति से रह सकते हैं.
#BREAKING Kyiv toughens curfew, violators to be considered 'enemy': mayor pic.twitter.com/EOJCG00S9k
— AFP News Agency (@AFP) February 26, 2022
रिपोर्ट्स के मुताबिक कीव के सिटी सेंटर से रूस की सेना करीब 30 किलोमीटर दूर है. इस बीच स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से खिड़कियों से दूर रहने और सही जगह पनाह लेने की अपील की है. इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है तथा जोर देकर कहा है कि वह राजधानी में ही रुकेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘यहां जंग जारी है.’’
यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि कीव में सैनिक कितनी दूर आगे बढ़ चुके है. यूक्रेनी अधिकारियों ने हमलों को रोकने में कुछ सफलता हासिल करने की सूचना दी, लेकिन राजधानी के पास लड़ाई जारी रही. दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को कृतसंकल्प हैं.
ये भी पढ़ें- UK में होने वाली कोबरा वॉरियर्स एक्सरसाइज में शामिल नहीं होगी वायुसेना, रूस-यूक्रेन वॉर के बाद भारत का फैसला
















