चीन: तूफान लेकिमा की वजह से हुई 44 लोगों की मौत, 12 लापता
तूफान लेकिमा की वजह से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. अब तक कुल 21 करोड़ डॉलर का नुकसान हो चुका है.

बीजिंग: चीन के झेजियांग और शानदोंग प्रांतों में तूफान लेकिमा के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है, जबकि 12 अन्य के लापता होने की खबर है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रांतीय बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय के हवाले से बताया कि सोमवार सुबह तक झेजियांग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई, जबकि 9 अन्य लापता हैं.
बेहद शक्तिशाली तूफान ने झेजियांग में 66.8 लाख लोगों को प्रभावित किया है, जिनमें से 12.6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इसने 234,000 हेक्टेयर की फसलों को नुकसान पहुंचाया है और सीधे तौर पर 24.22 अरब युआन (3 अरब डॉलर) की आर्थिक हानि हुई है.
लेकिमा ने शनिवार दोपहर को झेजियांग के शहर वेनलिंग में दस्तक दी. यह शानदोंग प्रांत के चिनदाओ तट पर रविवार रात पहुंचा. प्रांतीय आपातकालीन प्रबंधन विभाग ने बताया कि शानदोंग में तूफान के चलते पांच लोगों की मौत हो गई और सात लापता हैं. इससे 16.6 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और सोमवार सुबह तक 183,800 लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
हुआ 21 करोड़ डॉलर का नुकसान
भारी बारिश और तेज आंधी ने 175,400 हेक्टेयर की फसलों को नुकसान पहुंचाया है और 609 घरों को गिरा दिया है, जिससे प्रत्यक्ष रूप से 1.48 अरब युआन (21.1 करोड़ डॉलर) का आर्थिक नुकसान हुआ है. तटीय शहर चिंगदाओ ने रविवार को भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया. सभी पर्यटन स्थलों को लोगों के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि 127 ट्रेनों और लंबी दूरी की बस सेवा को रोक दिया गया है.
दोनों प्रभावित प्रांतों में सोमवार को बचाव और राहत कार्य चल रहा है. लेकिमा के शानदोंग से होकर सोमवार तक बोहाई सागर में प्रवेश करने की संभावना है.
म्यांमार: भूस्खलन की वजह से गई 53 लोगों की जान, बचाव कार्य जारी
Source: IOCL























