Kumbh Mela 2019: विदेशी श्रद्धालुओं के लिए कुंभ मेले में किए गए हैं खास इंतजाम- डीजीपी
Kumbh Mela 2019: यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा है कि प्रयागराज के कुंभ मेले में विदेशी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ख़ास इंतज़ाम किये जा रहे हैं. विदेशी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क में हैं.

प्रयागराज: यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा है कि प्रयागराज के कुंभ मेले में विदेशी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ख़ास इंतज़ाम किये जा रहे हैं. विदेशी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क में हैं. विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के अनुमान की वजह से ही पुलिस व दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को ख़ास ट्रेनिंग दी गई है.
डीजीपी ओपी सिंह का दावा है कि यूपी सरकार इस आयोजन को दिव्य व भव्य कुंभ के साथ ही सुरक्षित कुंभ का भी नारा देकर उस पर अमल करने का काम कर रही है. उनके मुताबिक़ कुंभ को लेकर कोई गंभीर इनपुट नहीं हैं, लेकिन तैयारियां ऐसी की जा रही हैं, जिससे आतंकी हमला होने या कोई दूसरा खतरा होने पर उसे फ़ौरन वहीं खत्म किया जा सके.
डीजीपी ओपी सिंह ने आज यूपी के चीफ सेक्रेट्री अनूप चंद्र पांडेय के साथ कुंभ की तैयारियों की समीक्षा की.
कुंभ के लिए आई विदेशी महिला के साथ छेड़खानी
कुंभ मेले के लिए आस्ट्रेलिया से आई विदेशी महिला के साथ एक रेस्टोरेंट में छेड़खानी किये जाने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट व छिनैती किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. विदेशी महिला की शिकायत पर प्रयागराज पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
महिला की शिकायत पर प्रयागराज पुलिस ने दो दिन बाद सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.























