इलाहाबाद: भांजे ने उजाड़ा मामा का घर, बेटे को अगवा कर उतारा मौत के घाट

इलाहाबाद/कौशाम्बी: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद कौशाम्बी ज़िले तीन साल के एक मासूम को अगवा करने के बाद उसे बेरहमी से क़त्ल किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बच्चे को उसके फुफेरे भाई ने ही बीस लाख रूपये की फिरौती के लिए घर के बाहर से अगवा किया था. फोन पर फिरौती की रकम मांगने के बाद पीड़ित परिवार जब पुलिस के पास पहुंच गया तो अपहरणकर्ताओं ने डरकर मासूम के मुंह और नाक पर टेप बांधकर उसे जंगल में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किये जाने का दावा किया है.
20 लाख रूपये की फिरौती देने की मांग
कौशाम्बी ज़िले के पश्चिम शरीरा इलाके में रहने वाला तीन साल के मासूम दिव्यांश को शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे उस वक्त अगवा कर लिया गया था, जब वह घर के बाहर खेल रहा था. दो घंटे बाद ही पीड़ित परिवार को फोन कर दिव्यांश को अगवा किये जाने की जानकारी देते हुए 20 लाख रूपये की फिरौती देने की मांग की गई. पीड़ित परिवार ने इस मामले में देरी किये बिना पुलिस को खबर दी. पुलिस ने शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की तो अपहरण की यह गुत्थी रात को सुलझ गई.
दम घुटने की वजह से हो चुकी थी मौत
मासूम दिव्यांश के फुफेरे भाई आलोक उर्फ़ छोटू ने पुलिस को बताया कि उसने अहमदाबाद में दुकान खोलने के लिए अपने मामा यानी मासूम दिव्यांश के पिता सुधीर से पांच लाख रूपये उधार मांगे थे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था, इसीलिये पैसों की लालच में उसने अपने दोस्त टीटू के साथ मिलकर दिव्यांश को अगवा कर लिया. फिरौती का फोन आने के बाद परिवार जब पुलिस के पास पहुँच गया तो उन लोगों ने दिव्यांश के मुंह और नाक को टेप से बांधकर उसे जंगल में एक पुलिया के नीचे छिपा दिया. आधी रात के बाद पुलिस जब वहां पहुंची तब तक दम घुटने की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी.
पैसों के लालच में दिव्यांश को किया था अगवा
दिव्यांश अपने घर का इकलौता चिराग था. दो बहनों के बाद तकरीबन दस साल की मन्नत के बाद उसका जन्म हुआ था. दिव्यांश का शव मिलने के बाद से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है. दिव्यांश के पिता सुधीर बेटे के क़त्ल के आरोपी भांजे आलोक उर्फ़ छोटू को बेटे की तरह मानते थे. उन्होंने उसकी गलत आदतों की वजह से उसे उधार पैसे नहीं दिए थे. छोटू ने इसी खुन्नस और पैसों के लालच में दिव्यांश को अगवा किया था.
Source: IOCL
























