दिल्ली, हरियाणा और पंजाब को बारिश ने गर्मी से राहत, अगले कुछ दिनों तक कम रहेगा तापमान
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एनसीआर समेत उत्तरी भारत में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा था. शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से अगले कुछ दिनों तक इन इलाकों में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

दिल्ली एनसीआर समेत हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को आई बारिश ने गर्मी से राहत दी है. शुक्रवार को आई बारिश की वजह से अगले कुछ दिनों तक इन इलाकों में तापमान कम रहने के आसार हैं. हालांकि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और मध्य भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुरा देश का सबसे गर्म स्थान रहा. चंद्रपुरा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
मौसम में आए बदलाव से राजस्थान के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली जहां अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है. हालांकि इसके बावजूद राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. राजस्थान में कुछ दिनों पहले अधिकतम तापमान 50.0 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था.
आईएमडी ने कहा, ''तेलंगाना और विदर्भ को छोड़कर कल देश के अधिकतर हिस्सों में लू का प्रकोप कम हो गया है. 30 मई से 2 जून के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने की आशंका नहीं है.'' मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के एक जून को केरल में दस्तक देने की संभावना है.
मौसम विभाग ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंधी-तूफान और हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है. चंडीगढ़ तथा हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने कहा कि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम है.
पंजाब के, पटियाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री कम 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लुधियाना में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हरियाणा के अंबाला, करनाल, हिसार और नारनौल में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम क्रमश: 30.4, 29.8, 37 और 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस सप्ताह के शुरू में पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी पड़ी थी. मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को दोनों राज्यों में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी.
मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई स्थानों में पड़ रही भीषण गर्मी जारी है. इटावा राज्य में 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. बांदा 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा.
राज्य की राजधानी लखनऊ में, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35.9 और 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने शनिवार को लखनऊ में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पश्चिमी भाग में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की आशंका है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के लोगों को मौसम की स्थिति में बदलाव के कारण गर्मी से कुछ राहत मिली है.
गोपालगंज जाने की कोशिश में जुटे रहे तेजस्वी यादव, JDU ने साधा निशाना






















