Online Games Addiction: ऑनलाइन गेम्स की लत ने बेटे को बनाया मां का हत्यारा, कैसे हुई वारदात? जानें
Online Games Addiction: विशाखापट्टनम में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी. परिजनों ने ऑनलाइन गेम्स की लत के कारण बेटे से मोबाइल-लैपटॉप छुड़ा लिए थे. वापस न देने पर ही यह वारदात हुई.

Online Games Addiction: विशाखापट्टनम के मलकापुरम क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां ऑनलाइन गेम्स की लत के कारण एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी. हैरानी की बात यह भी है कि हत्या के बाद भी आरोपी बेटा बिना डरे और घबराए सामान्य व्यवहार करता रहा.
राजस्थान के रहने वाले बलबीर सिंह, जो हाल ही में विशाखापट्टनम में कोस्ट गार्ड कमांडर के पद पर तैनात हुए हैं, अपनी पत्नी अल्का सिंह (47), बड़े बेटे हनुमान सिंह (20) और छोटे बेटे आयुष्मान सिंह के साथ कोस्ट गार्ड ऑफिसर्स क्वार्टर्स में रहते हैं. बड़ा बेटा हनुमान बीटेक स्टूडेंट है और उसी ने अपनी मां की हत्या की है.
ऑनलाइन गेम की लत
हनुमान उसे ऑनलाइन गेम्स की लत है, जिसके चलते उसने 27 जनवरी को अपने माता-पिता के खातों से 15,000 रुपये निकालकर गेम्स में गंवा दिए. जब यह बात सामने आई तो परिजनों ने उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप छीनकर रख लिया.
फोन-लैपटॉप नहीं मिला तो चला दिया चाकू
अगले दिन, बलबीर सिंह ड्यूटी के सिलसिले में ओडिशा के बरहामपुर गए हुए थे. हनुमान ने अपनी मां से अपने डिवाइस वापस करने की मांग की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. गुस्से में आकर हनुमान ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद हनुमान बिना डरे और घबराए सामान्य व्यवहार करता रहा.
बेडरूम के अंदर मिला शव
शाम को, जब उसका छोटा भाई आयुष्मान कॉलेज से लौटा और मां के बारे में पूछा तो हनुमान ने कहा कि वह घर पर नहीं हैं. आयुष्मान ने अपने पिता को फोन पर यह जानकारी दी. इसके बाद बलबीर सिंह ने सुरक्षा गार्डों को सूचित किया. गार्ड्स ने आकर बंद कमरे को खोला, जहां अल्का सिंह का शव खून से लथपथ मिला.
परिजनों ने कहा- मानसिक रोगी है
परिवार के सदस्यों का कहना है कि हनुमान सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर किया है और जांच कर रही है. उसकी मानसिक स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें...























