शीला दीक्षित हो सकती हैं दिल्ली कांग्रेस की नई अध्यक्ष, थोड़ी देर में औपचारिक एलान संभव
दरअसल कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली कांग्रेस की कमान सौंपने के लिए शक्ति ऐप के जरिए लगभग 50 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राय ली थी. आधे से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने अपनी राय दी और सूत्रों के मुताबिक ज्यादातर शीला दीक्षित के पक्ष में थी.

नई दिल्लीः दिल्ली कांग्रेस की नई अध्यक्ष शीला दीक्षित हो सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक कुछ देर में इसका आधिकारिक एलान हो सकता है. शीला दीक्षित के घर दिल्ली कांग्रेस के कई नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है. कांग्रेस के नेता शीला दीक्षित को बधाई दे रहे हैं और मिठाई खिला रहे हैं. दिल्ली कांग्रेस की नई अध्यक्ष शीला दीक्षित के साथ तीन कार्यकारी अध्यक्ष बन सकते हैं. इनके नाम हारून यूसुफ, देवेंद्र यादव और राजेश लिलोठिया हैं.
दरअसल कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली कांग्रेस की कमान सौंपने के लिए शक्ति ऐप के जरिए लगभग 50 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राय ली थी. आधे से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने अपनी राय दी और सूत्रों के मुताबिक ज्यादातर शीला दीक्षित के पक्ष में थी.
कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने पहले ही कहा था कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा 10 जनवरी तक हो जाने की पूरी संभावना है. इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम पर विचार हो रहा है. गत चार जनवरी को अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ा था.
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अजय माकन के इस्तीफा देने के बाद शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस की कमान देने की चर्चा जोरों पर थी. करीब चार वर्ष तक दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष रहने के बाद अजय माकन ने पद छोड़ दिया था.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के साथ तीन या चार कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हो सकती है ताकि समाज के प्रमुख वर्गों को प्रदेश संगठन में शीर्ष स्तर पर प्रतिनिधित्व मिल सके.
10 जनवरी तक होगी दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा- पीसी चाको
























