रुपये में गिरावट जारी, 71.21 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद
कारोबार के अंत में रुपया शुक्रवार के बंद की तुलना में 21 पैसे अथवा 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 71.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

नई दिल्लीः कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और चीन अमेरिका में ट्रेड वॉर भड़कने की आशंकाओं के बने रहने के बीच रुपया आज 21 पैसों की जोरदार गिरावट के साथ 71.21 रुपये प्रति डॉलर के नये ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ. मजबूत शुरुआत के बावजूद दोपहर के कारोबार में रुपया बुरी तरह से लड़खड़ा गया.
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने रुपये के प्रति सेंटीमेंट पर असर डाला. बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल चढ़ कर 78 रुपये प्रति बैरल तक पहुंच गया. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच चालू खाते का घाटा बढ़ने और ग्लोबल ट्रेड वॉर को लेकर बनी आशंकाओं के बीच बाजार में उथल पुथल दिखाई दिया.
इस बीच कच्चे तेल की कीमत में तेजी के अनुरूप देश में पेट्रोल और कच्चे तेल के भाव भी नयी ऊंचाई पर पहुंच गए हैं. रुपये में गिरावट से महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका कायम हो गई है.
सुबह रुपया 70.80 पर मजबूत खुला लेकिन देर दोपहर के कारोबार में यह रुख पलट गया. कारोबार के अंत में रुपया शुक्रवार के बंद की तुलना में 21 पैसे अथवा 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 71.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.
इंटरकरेंसी कारोबार में यूरो और जापानी येन के मुकाबले रुपये में गिरावट आई जबकि पौंड के मुकाबले इसमें सुधार आया.
Source: IOCL

























