राजस्थान: रॉबर्ट वाड्रा पर कसा शिकंजा, जमीन मामले में हो सकती है पूछताछ
2008 में बीकानेर में वाड्रा की स्काईलाइट कंपनी ने 79 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी. 2010 में जमीन को कई गुना दाम यानी 5 करोड़ 44 लाख रुपए में एलीजनी फिनलीज कंपनी को बेचा गया था.

नई दिल्ली: सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर जमीन मामले में शिकंजा कसता जा रहा है. बीकानेर जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने वाड्रा के करीबी कांग्रेसी नेता महेश नागर के ड्राइवर और सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेज बनवाने वाले को गिरफ्तार कर लिया है. जल्द ही वाड्रा से भी पूछताछ हो सकती है.
राजस्थान के बीकानेर जिले की महाजन फायरिंग फील्ड की इस जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने वाले जयप्रकाश बागडवा के साथ ईडी ने रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी को दस्तावेजों में जमीन बेचने वाले अशोक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लाया गया है.
2008 में बीकानेर में वाड्रा की स्काईलाइट कंपनी ने 79 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी. 2010 में जमीन को कई गुना दाम यानी 5 करोड़ 44 लाख रुपए में एलीजनी फिनलीज कंपनी को बेचा गया था.
ईडी को जांच के दौरान पता चला कि वाड्रा की तरफ से ये जमीन खऱीदने की कानूनी अथारिटी कांग्रेस नेता महेश नागर के पास थी और दिलचस्प यह है कि फर्जी किसान की तरफ से भी ये अथारिटी महेश नागर के ड्राइवर अशोक को दी गई यानि मालिक और ड्राइवर मिल कर साजिश को अंजाम दे रहे थे और अब ईडी जानना चाहता है कि इस साजिश के पीछे दिमाग किसका था.
राजस्थान पुलिस ने भी जमीन घोटाले के इस मामले में 18 FIR दर्ज की थी जिसके आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की थी. एबीपी न्यूज ने भी दो साल पहले इस मामले का पर्दाफाश अपने 'ऑपरेशन दामाद' जी में किया था. जांच एजेंसियो को भी जांच के दौरान पता चला था कि वाड्रा की कंपनी से जिस कंपनी एलीजिनी ने ये जमीन खरीदी उसके ज्यादातर निदेशक फर्जी थे.
बीकानेर जमीन घोटाले में शहजाद पूनावाला का भी बयान आया है. पूनावाला रॉबर्ट वाड्रा के रिश्तेदार हैं और हाल ही में राहुल गांधी के चुनाव पर सवाल उठाकर सुर्खियों में आए थे. शहजाद पूनावाला ने लैंड डील केस में ईडी पर धीमी जांच करने का आरोप लगाया है. पूनावाला ने राहुल गांधी पर भी आरोप लगाया और कहा कि वो सब जानते हैं.
इस गिरफ्तारी के बाद राबर्ट वाड्रा पर ईडी का शिकंजा और कस गया है और ईडी सूत्रो के मुताबिक इस मामले मे अब वाड्रा मात्र दो कदम की दूरी पर है क्योकि महेश नागर से पूछताछ के बाद राबर्ट वाड्रा को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है.
Source: IOCL

























