पीएम मोदी का दिवाली गिफ्ट- छोटे और मझोले उद्योगों को सिर्फ 59 मिनट में मिलेगा एक करोड़ रुपये तक का लोन
वित्त मंत्रालय की ओर से छोटे और मझोले उद्योग के लिए आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने एक के बाद एक 12 सौग़ातों का एलान किया.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के छोटे और मझोले उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए त्वरित और सस्ता कर्ज़ देने का एलान किया है. इन घोषणाओं को दिवाली गिफ्ट बताते हुए पीएम ने एलान किया कि अब छोटे उद्यमियों को केवल 59 मिनट में 1 करोड़ तक का लोन ऑनलाइन ही मिल जाया करेगा. इन घोषणाओं को 2019 चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि देशभर में क़रीब 6 करोड़ छोटे और मझोले उद्योगपति हैं.
वित्त मंत्रालय की ओर से छोटे और मझोले उद्योग के लिए आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने एक के बाद एक 12 सौग़ातों का एलान किया. इनमें सबसे प्रमुख दो घोषणाएं इन उद्यमियों को मिलने वाले लोन से जुड़ी हैं.
पहला- केवल 59 मिनटों में एक ऑनलाइन पोर्टल के ज़रिए 1 करोड़ रुपये तक के कर्ज़ की मंज़ूरी की गारंटी. इस पोर्टल का लिंक जीएसटी के वेबसाइट पर भी मुहैया करवाया जाएगा.
दूसरा- सभी जीएसटी रजिस्टर्ड छोटे और मझोले कंपनियों को लोन के ब्याज़ दर में 2 फ़ीसदी की छूट.
एक अन्य अहम सौग़ात देते हुए पीएम ने एलान किया कि अब से हर सरकारी विभाग और कंपनियों को अपनी कुल ख़रीद का कम से कम 25 फ़ीसदी हिस्सा इन उद्योगों से ख़रीदना आवश्यक बना दिया गया है. इसके अलावा साल में 2 बार की जगह 1 बार रिटर्न भरने और उद्योग यूनिट का निरीक्षण करने के लिए निरीक्षक का फ़ैसला कंप्यूटर द्वारा करवाने का भी एलान किया गया है. पीएम ने कहा कि अगले 100 दिनों तक ख़ुद उनकी निगरानी में इऩ घोषणाओं को अमल में लाया जाएगा.
यह भी देखें























