मणिपुर में बीरेन सिंह होंगे बीजेपी के सीएम कैंडिडेट, जल्द करेंगे दावा पेश

इंफाल/नई दिल्ली: बीजेपी ने मणिपुर में अपने सीएम कैंडिटेट के नाम का एलान कर दिया है. बीजेपी ने फुटबॉलर से राजनेता बने एन बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता नियुक्ति किया है.
मणिपुर के बदलते घटनाक्रम पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "बीजेपी विधायक दल के नेता बीरेन सिंह होंगे, और जल्द ही वो सूबे में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे."
बीरेन सिंह ने पिछले साल अक्टूबर महीने में ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था. 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी ने 32 विधायकों के समर्थन का दावा किया है.
राज्यपाल नजमा हेपतुल्लाह ने कांग्रेस के निवर्तमान मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह से तुरंत अपने पद से इस्तीफा देने के कहा था.
आज या कल देंगे इबोबी सिंह इस्तीफा
राजभवन के निर्देश के बाद आज ओकराम इबोबी सिंह ने कहा कि वो आज या कल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे.
इससे पहले, राजभवन के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया, ‘‘इबोबी सिंह ने उपमुख्यमंत्री गायखमगम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष टीएन होकिप के साथ कल रात राज्यपाल से मुलाकात की थी. राज्यपाल ने सिंह से तुरंत इस्तीफा देने के लिए कहा ताकि वह सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू कर सकें.’’
सूत्र ने कहा, ‘‘ नियमों के मुताबिक, जबतक मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं दे देते हैं, तबतक अगली सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकती है.’’ राजभवन के सूत्र ने बताया, ‘‘मुलाकात के दौरान इबोबी सिंह ने कांग्रेस के 28 विधायकों की सूची दिखाकर अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया. उन्होंने नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के चार विधायकों के समर्थन का भी दावा किया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘साधारण कागज पर एनपीपी के चार विधायकों का नाम देखकर हेपतुल्ला ने इबोबी सिंह से एनपीपी अध्यक्ष और विधायकों को लाने को कहा.’’
सूत्र ने बताया कि राज्यपाल ने कहा कि दावे को क्रॉस चेक करना उनका कर्तव्य है और वह साधरण कागज के टुकड़े को ‘समर्थन पत्र’ के तौर पर स्वीकार नहीं करेंगी जब तक वह एनपीपी विधायकों से मिल नहीं लेतीं.
बीजेपी नेतृत्व ने अपने 21 विधायकों, एनपीपी के अध्यक्ष और पार्टी के चार विधायकों, कांग्रेस के एक, एलजेपी के एक और तृणमूल के एक विधायक के साथ राज्यपाल से मुलाकात की थी. बीजेपी ने दावा किया था कि उसके पास 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 विधायकों का समर्थन है.























