Covid-19: उत्तर प्रदेश में 53 में से 9 जिले कोरोना मुक्त, नहीं आया कोई नया केस
उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ से ज्यादा लोगों ने आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड किया है. सरकार ने प्रदेश के आमजनों से अपील की है कि सभी लोग इसे अपने स्मार्ट फोन में डाउनलोड करें और इसका लाभ उठाएं.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 9 जनपद, कोरोना संक्रमण मुक्त हो गए हैं. राज्य में इस समय 1134 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. राज्य में कुल 1294 मामलों में से 140 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं. वहीं 20 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि राज्य में कोरोना से प्रभावित 53 जिलों में से 9 जिले ऐसे हैं जिनमें एक भी नया मामला सामने नहीं आया है.
यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा, ''पुलिस, डाक्टरों और मेडिकल टीम को सतर्कता बरतने को कहा गया है. इमरजेंसी सेवा के लिए अस्पताल चिन्हित कर दिए गए हैं. उन अस्पतालों में लोग इमरजेंसी में ही जाएं. नॉन एप्रूव्ड अस्पतालों में न जाएं. प्रदेश में दो जगहों पर प्लाज्मा थेरेपी पर काम हो रहा है.''
मुख्य सचिव ने कहा, ''यूपी में 1 करोड़ लोगों ने आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कर लिया है. इसके अलर्ट आने शुरू हो गए हैं. छह करोड़ से ज्यादा स्मार्ट फोन उत्तर प्रदेश में हैं. इन सभी फोन आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड हो, ये कोशिश की जा रही है.''
सरकार को बॉर्डर से शिकायत मिली है कि कुछ कंटेनर ट्रकों में छिपकर लोग आ रहे हैं. झांसी-ललितपुर बॉर्डर पर लोग ऐसा करते पकड़े भी गए हैं. सभी से गुजारिश है कि ऐसा न करें.
रमजान पर होगी डोर स्टेप डिलीवरी
मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा, ''अगले दो तीन दिन में रमजान शुरू होगा. ऐसे में जरूरी चीजों की डोर स्टेप डिलीवरी होगी. जिससे रमजान के महीने में लोग सहरी और रोजा इफ्तारी घर पर ही कर सकें.''
यूपी सरकार ने कहा, 4835 मजदूर पूर्वांचल एक्सप्रेस में काम शुरू कर चुके हैं. दिल्ली में एक यूपी के रहने वाले व्यक्ति की मृत्यु हुई है. मामले का सीएम ने संज्ञान लिया है उसका शव सरकार अपने खर्चे में मंगवाएगी और परिजनों को सौंपेगी.
साढ़े सात हजार मजदूरों के अलावा अन्य स्टाफ को मिलाकर साढ़े आठ हजार के आसपास लोगों को सरकारी योजनाओं में काम मिलने लगा है. बदायूं में दस केस हो गए हैं. ऐसे में वहां का स्थानीय प्रशासन आवश्यक आदेश जारी कर रहा है. नोएडा और गाजियाबाद में केस कम सामने आए हैं. 53 जिलों में हॉटस्पॉट बनाए गए हैं.
यूपी: लॉकडाउन की वजह से कुशीनगर में फंसे विदेशी बौद्ध भिक्षु और पर्यटक, रखा जा रहा है विशेष ध्यान
यूपी के रायबरेली में आज कोरोना के 33 नए मरीज मिले, इनमें से 31 तब्लीगी जमात से जुड़े




















