NCP विधायक अवधूत तटकरे ने की उद्धव ठाकरे से मुलाकात, थाम सकते हैं शिवसेना का दामन
NCP विधायक अवधूत तटकरे ने गुरुवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है. माना जा रहा है कि अवधूत तटकरे अपने चाचा एनसीपी सांसद सुनील तटकरे के साथ शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. बता दें कि महाराष्ट्र में सितंबर-अक्टूबर में चुनाव होने हैं.

मुंबई: एनसीपी छोड़ने की अटकलों के बीच पार्टी विधायक अवधूत तटकरे ने गुरुवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की और कहा कि वह 'मुख्यधारा की राजनीति' में बने रहना चाहते हैं. ऐसी अटकले हैं कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में श्रीवर्धन निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक अवधूत तटकरे अपने चाचा और एनसीपी सांसद सुनील तटकरे के साथ शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. शिवसेना राज्य और केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी की सहयोगी है.
रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील तटकरे ने पहले इन अटकलों से इनकार किया था. हालांकि यहां उपनगरीय क्षेत्र बांद्रा में ठाकरे से उनके घर पर मुलाकात करने वाले एनसीपी विधायक अवधूत तटकरे ने कहा कि वह किसी भी चीज की पुष्टि नहीं कर सकते हैं.
तटकरे ने कहा, "मैं मुख्यधारा की राजनीति में बने रहने के लिए उद्धव ठाकरे से मिला. मैं अगले दो दिनों में अपने आधिकारिक फैसले की घोषणा करूंगा." जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने चाचा के साथ (एनसीपी से) बाहर आ जायेंगे तो उन्होंने कहा, "अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और निकट सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद मैं निर्णय लूंगा. मुझे इस पर बयान देने से पहले कुछ वक्त चाहिए. मैं किसी भी चीज की पुष्टि नहीं कर सकता, लेकिन मैं मुख्यधारा की राजनीति में और उसका हिस्सा बने रहना चाहता हूं."
विपक्षी एनसीपी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता हाल में बीजेपी और शिवसेना में शामिल हो गये हैं. राज्य में सितंबर-अक्टूबर में चुनाव होने हैं.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, बोले- PoK पर पाक का जबरन कब्जा
























