Congress On Middle East: LPG और जंग पर कांग्रेस में टकराव, एक तरफ हमला, दूसरी तरफ समर्थन, जानें पूरा मामला
Congress On Middle East: मिडिल ईस्ट जंग और LPG मुद्दे पर कांग्रेस में मतभेद नजर आ रहे हैं. एक तरफ जहां राहुल गांधी केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं, वहीं दूसरे नेता सरकार की नीति का समर्थन किया है.

मिडिल ईस्ट में चल रही जंग और देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. पार्टी के कई वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के रुख से अलग राय रखते हुए मोदी सरकार के फैसलों की सराहना करते नजर आए हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार की विदेश नीति की आलोचना कर रहे हैं. उन्होंने इसे कमजोर और समझौता करने वाली नीति बताया. लेकिन कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सरकार की नीति को जिम्मेदार कूटनीति कहा.
मनीष तिवारी ने भी एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि सरकार इस मामले में सही काम कर रही है. वहीं आनंद शर्मा और कमलनाथ जैसे बड़े नेताओं ने भी सरकार के रुख की तारीफ की है. आनंद शर्मा ने भारत की कूटनीति को परिपक्व और संतुलित बताया और राष्ट्रीय एकता की अपील की. एलपीजी सप्लाई को लेकर भी कांग्रेस के अंदर अलग-अलग बयान सामने आए हैं. जहां पार्टी लगातार गैस की कमी का मुद्दा उठा रही है, वहीं कमलनाथ ने साफ कहा कि देश में ऐसी कोई कमी नहीं है और यह सिर्फ माहौल बनाया जा रहा है.
कांग्रेस पर बीजेपी का हमला
बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अब कांग्रेस के अपने नेता ही मान रहे हैं कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए पार्टी को लोगों में डर फैलाना बंद करना चाहिए. यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के अंदर इस तरह के मतभेद सामने आए हों. इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी शशि थरूर और मनीष तिवारी ने पार्टी लाइन से हटकर सरकार और सेना के कदमों का समर्थन किया था. मिडिल ईस्ट की जंग और घरेलू मुद्दों पर कांग्रेस के अंदर एकजुटता की कमी साफ नजर आ रही है, जहां कई वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देते हुए पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग बयान दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Shashi Tharoor Attack: केरल में कांग्रेस नेता शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन और ड्राइवर हुए घायल















