गुजरात में बाढ़ का कहर, MP, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 28 जुलाई से भारी बारिश से निजात मिलने की संभावना है. राजस्थान में भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात अभी भी बुरी तरह से प्रभावित है जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

नई दिल्ली: मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और गुजरात के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुजरात के अहमदाबाद में अभी और भारी बारिश की संभावना है. 29 तारीख को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे इलाकों में भारी बारिश के अनुमान लगाया जा रहा है. गुजरात में अहमदाबाद से लेकर बनासकांठा जिले तक बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखाया है.
30 जुलाई को कई राज्यों में बारिश कम होगी, लेकिन मुख्य रूप से गोवा और् कोंकण के क्षेत्र में बारिश की संभावना है. झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण तबाही मची है. हालांकि पिछले पांच दिनों से हो रही भारी बारिश से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है.
गुजरात में बारिश और बाढ़ की विनाश लीला जारी
अहमदाबाद शहर में लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव वाली बोट चलाई जा रही है. गुजरात के अहमदाबाद में कल हुई भीषण बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया है. बारिश के बाद सड़कें, गलियां तालाब बन गई हैं. लोग घरों में फंसे हुए हैं. इन लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है. अहमदाबाद में 10 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. बीते 24 घंटे में अहमदाबाद में 200 मिलीलीटर बारिश दर्ज की गई है.
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भरा पानी, कई उड़ाने रद्द
कल अहदमबाद में हुई जोरदार बारिश के बाद एयरपोर्ट का हाल बुरा हो गया है, एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया है. एयरपोर्ट के नदी बन जाने की वजह से कई विमानों को रद्द करना पड़ा है.
बनासकांठा जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित
गुजरात का बनासकांठा जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है. खेती वाली जमीनों पर भी पानी भर गया है. बनासकांठा शहर में भी सड़कों-गलियों पर पानी भरा हुआ है. आसमान से वायुसेना के देवदूत राहत और बचाव के काम में जुटे हुए हैं और लोगों को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाल रहे हैं.
यातायात पर पड़ रहा है बुरा असर
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 28 जुलाई से भारी बारिश से निजात मिलने की संभावना है. राजस्थान में भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात अभी भी बुरी तरह से प्रभावित है जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
राजस्थान से गुजरात,महाराष्ट्र जाने वाली गाड़ियां प्रभावित
रेलवे प्रशासन की तरफ से जोधपुर मंडल के भीलड़ी-समदड़ी रेलखंड के मध्य भारी बारिश के कारण ट्रेक के नीचे पानी भर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी तरूण जैन ने बताया कि आज भी भारी बारिश के कारण रेलवे को कुछ गाड़ियों के संचालन को पूरी तरह से रद्द करना पड़ा है. जानकारी के अनुसार राजस्थान से गुजरात,महाराष्ट्र की ओर जाने वाली गाड़ियां काफी प्रभावित हुई है.






















