योगी आदित्यनाथ की ट्रैफिक पुलिस अब पहनेगी मायावती वाला 'चोला'
यूपी में ट्रैफिक पुलिस वाले पहले भी खाकी वर्दी पहनते थे. लेकिन जब 2007 में मायावती सीएम बनी तो उन्होंने ट्रैफिक पुलिस वालों के लिए नीले पतलून पहनने के आदेश दिए.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ट्रैफिक पुलिसवालों की वर्दी बदलने की तैयारी है. वर्दी का रंग रूप ठीक वैसा ही होगा जैसा मायावती के जमाने में था. योगी आदित्यनाथ के राज में ट्रैफिक पुलिसवाले अब नीले रंग में नजर आएंगें. यूपी के डीजीपी सुलखान सिंह ने इस बारे में आदेश भी जारी कर दिया है.
1 दिसंबर से यूपी के सभी ट्रैफ़िक पुलिसवालों के ड्रेस बदल जाएंगे. खाकी पैंट की जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी गहरे नीले रंग की पतलून पहनेगें. डीजीपी सुलखान सिंह ने बताया कि ये फैसला इसलिए लिया गया जिससे ट्रैफ़िक पुलिसवालों की अलग पहचान बने. वैसे क़मीज़ पहले की तरह ही सफ़ेद रंग का ही रहेगा.
यूपी में ट्रैफिक पुलिस वाले पहले भी खाकी वर्दी पहनते थे. लेकिन जब 2007 में मायावती सीएम बनी तो उन्होंने ट्रैफिक पुलिस वालों के लिए नीले पतलून पहनने के आदेश दिए. बीएसपी का झंडा भी नीले रंग का होता है. ये बहन जी (मायावती) का फेवरेट रंग है. लेकिन जब अखिलेश यादव सीएम बने तो उन्होंने मायावती के फैसले को पलट दिया.
वैसे तो इन दिनों उत्तर प्रदेश में भगवा सरकारी रंग बन गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ख़ुद सिर्फ़ इसी रंग के कपड़े पहनते हैं. लखनऊ में उनका ऑफिस भी इसी रंग का है. सरकारी डायरी, कैलेंडर से लेकर बेवसाइट तक भगवे रंग में रंगे हुए हैं.























