नोटबंदी के बीच हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग के शक में ईडी की 50 से ज्यादा बैंकों में छापेमारी

नई दिल्ली: देश भर के प्रमुख शहरों के अलग अलग बैंकों की 50 से ज्यादा शाखाओं में प्रवर्तन निदेशालय की टीम आज जांच के लिए पहुंची. ये वो बैंक है जहां नोटबंदी के बाद सबसे ज्यादा पैसा जमा किया गया है. ईडी की टीमों के साथ बैंकों के ऑडिट करने वाले सरकारी अधिकारी भी शामिल है. ईडी को हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग का शक है.
प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, अहमदाबाद, लखनऊ, गोवा, इंदौर, चंडीगढ़, जयपुर, जम्मू, हैदराबाद और बैंगलूरू समेत कई शहरों में बैंक खातों की जांच की जा रहा है. ईडी की टीमें बैंकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.
ईडी के निदेशक करनैल सिंह ने एबीपी न्यूज से कहा कि जांच टीमों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि जांच के दौरान बैंक के रोजमर्रा के काम में किसी भी तरह की कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए.
























