दिल्ली पुलिस के दो जवानों ने चोर को मारी गोली, फिर उसे बचाने के लिए दिया खून

नई दिल्ली: पुलिस का काम अपराधी को पकड़ना है ताकि लोगों को परेशानी ना हो और इसी कर्तव्य का निर्वाह करते हुए हाल ही में दिल्ली पुलिस ने अपराधी को पकड़ा, लेकिन इस बार अपराधी को पकड़ने का अंदाज अगल था. हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक बुधवार को पुलिस ने चोर को पकड़ने के लिए पांच गोली मारी, जिसके बाद वह पकड़ा गया. शूटआउट में आरोपी के शरीर से खून बह रहा था, पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती किया और उसे जिंदा रखने के लिए अपना खून दान किया.
दिल्ली पुलिस के अशोक कुमार नाम के एक कॉन्सटेबल ने आरोपी को खून दिया ताकि वह सर्जरी के बाद जिंदा रह सके. अशोक अक्सर खून डोनेट करते रहे हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उन्होंने जिसे गोली मारी उसे ही खून दिया हो. इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए अशोक कुमार ने कहा, ''अपराधी को गोली मारना मेरी ड्यूटी(नौकरी) थी. अब मैं मानवता की ड्यूटी निभा रहा हूं.''
दरअसल दिल्ली के रोहिनी सेक्टर 9 इलाके में अहिस्ना विहार अपार्टमेंट में करीब चार बजे के आसपास दो लोग एक बैग लेकर दीवार को फांदने की कोशिश करते दिखाई दिए. जिसके बाद अपार्टमेंट के लोगों ने पुलिस को खबर की. मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत अपराधियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी. लेकिन आरोपी नितिन और उसका सहयोगी सलमान दीवार को छलांग लगाकर दूसरी तरफ कूद गए.
कॉन्सटेबल अशोक ने कहा, ''जब अपराधी थोड़ी ही दूर पर थे कि उन्होंने गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई करते हुए हमने भी गोली चलानी शुरू कर दी.'' अशोक और उनके सहयोगी पुलिसकर्मी रामाश्रेय ने नौ राउंड गोलिया चलाई. दोनों आरोपियों में से नितिन को पांच गोली लगी और सलमान अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में कामयाब हो गया.
पुलिस ने तुरंत नितिन को अंबेडकर हॉस्पिटल में भर्ती किया..जहां डॉक्टर्स ने लंबी सर्जरी के बाद गोली निकाली और कहा कि चार यूनिट खून देने के बाद इसे बचाया जा सकता है. जिसके बाद कॉन्सटेबल अशोक और हेट कॉन्सटेबल राजेश ने खून डोनेट किया. डॉक्टर्स का कहना है कि फिलहाल नितिन की हालत ठीक है.























