Coronavirus: अस्पताल का आरोप- मरीज़ नहीं बल्कि स्टार जैसा बर्ताव कर रही हैं कनिका कपूर
पीजीआई ने कहा है कि कनिका मरीज़ नहीं बल्कि स्टार जैसा व्यवहार कर रही हैं.कनिका की लापरवाही को देखते हुए लखनऊ में उनके ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है.

नई दिल्ली: कोरोना संक्रमण से पीड़ित बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर पर लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई ने इलाज में सहयोग न करने का आरोप लगाया है. एसजी-पीजीआई ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर आरोप लगाया है कि कनिका कपूर इलाज में सहयोग नहीं कर रही हैं. पीजीआई ने कहा है कि कनिका मरीज़ नहीं बल्कि स्टार जैसा व्यवहार कर रही हैं. ऐसा तब है जब कनिका को सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं.
एसजीपीजीआई ने अपनी रिलीज़ में कहा है कि कनिका को अस्पताल में बेहतरीन सुविधा दी गई है. पीजीआई डायरेक्टर डॉ.आरके धीमान की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि बालीवुड सिंगर के नखरे से पीजीआई परेशान है. रिलीज़ में बताया गया है कि कनिका को अस्पताल में अटैच्ड टॉयलेट वाला कमरा दिया गया है. इस कमरे में एयर कंडीशनर के साथ-साथ टीवी और एयर हैंडलिंग यूनिट लगाया गया है.
कनिका कपूर पर आरोप है कि उन्होंने कोरोना के संक्रमण के बावजूद लखनऊ में तीन जगह पार्टी की. लखनऊ में कांग्रेस नेता के घर की पार्टी के अलावा लोकायुक्त के घर में होली खेली और होटल ताज में ठहरीं. इस दौरान यूपी के स्वास्थ्य मंत्री समेत कई बड़े लोगों से उनकी मुलाकात हुई. कनिका की लापरवाही को देखते हुए लखनऊ में उनके ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है. साथ ही लखनऊ और कानपुर में जहां-जहां वो गईं, उस जगह को सेनिटाइज़ कराने में प्रशासन ने अपनी ताक़त झोंक दी है.
यह भी पढ़ें-
Coronavirus: केजरीवाल का एलान- कल नहीं चलेंगी 50% बसें, जरूरत पड़ी तो दिल्ली को लॉकडाउन करेंगे






















