असम: ट्रेनों में महिलाओं के बलात्कार और हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
दो ट्रेनों के शौचालयों में 10 और 11 जुलाई को दो महिलाओं के शव मिले थे. दोनों की हत्या एक ही तरीके से की गई थी और दोनों से कथित रूप से बलात्कार भी हुआ था.

तिनसुकिया: असम की दो ट्रेनों में दो महिलाओं से कथित बलात्कार और उनकी हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस बीच रेल अधिकारियों और प्रदेश पुलिस ने ट्रेन यात्रा सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाए हैं. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास दास को कल शाम तिनसुकिया रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया जबकि उसके साथी विपिन पांडे को शनिवार तड़के बानीपुर स्टेशन पर डिब्रूगढ़ - बेंगलुरु एक्सप्रेस से पकड़ा गया.
असम के पुलिस महानिदेशक कुलधर सैकिया ने बताया कि राज्य पुलिस, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बैठक की और ट्रेनों तथा स्टेशनों में सुरक्षा बढ़ाने का संयुक्त रूप से फैसला किया. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस मुख्यालय में एक बैठक हुयी. हमने रेल यात्रा सुरक्षित बनाने के लिए राज्य भर में स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है.
उन्होंने कहा कि यह भी फैसला किया गया है कि प्लेटफार्मों पर अनधिकृत विक्रेताओं और लोगों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगायी जाएगी. दिव्यांगों के डिब्बों को सुरक्षित बनाया जाएगा और उनमें दूसरे लोगों के प्रवेश करने पर रोक लगायी जाएगी.
दो ट्रेनों के शौचालयों में 10 और 11 जुलाई को दो महिलाओं के शव मिले थे. दोनों की हत्या एक ही तरीके से की गई थी और दोनों से कथित रूप से बलात्कार भी हुआ था. आरपीएफ ने शुक्रवार को दास को गिरफ्तार किया था. उसने जांच के दौरान पांडे को दोनों अपराधों में अपना साथी बताया था.
Source: IOCL























