24 घंटे में बदले 'आप' के बोल, केजरीवाल बोले- 'पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब का ही होगा'

चंडीगढ़: पंजाब का चुनावी दंगल इस बार दिलचस्प है, क्योंकि मुकाबला त्रिकोणीय है. बीजेपी-अकाली दल और कांग्रेस के अलावा केजरीवाल की पार्टी भी मैदान में है. केजरीवाल आज भी पंजाब में है, कल उन्होंने सफाई दी थी कि पंजाब का सीएम पंजाब का ही होगा.
केजरीवाल ने कल एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था, ‘’अरे पंजाब का मुख्यमंत्री पाकिस्तान का होगा क्या, पंजाब का ही तो होगा, पंजाब का मुख्यमंत्री लंदन का होगा क्या, पंजाब का ही तो होगा, मेरे को दिल्ली वालों ने जिम्मेदारी दी है. मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री हूं, पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब का होगा.’’
Whomever becomes CM of Punjab, it will be my responsibility to fullfill all promises made with people of Punjab - @ArvindKejriwal in Patiala pic.twitter.com/KCYhxKQSsd
— AAP Punjab (@AAPPunjab2017) January 11, 2017
केजरीवाल को ये सफाई इसलिए देनी पड़ी क्योंकि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ये एलान कर दिया था. सिसोदिया ने कहा था, ‘’अभी ये भाई पूछ रहे थे कि पंजाब का मुख्यमंत्री कौन होगा, देखो मैं आपसे एक चीज कह दूं, आप ये मानकर चलो कि पंजाब का मुख्यमंत्री तो अरविंद केजरीवाल बनने वाला है.’’
सिसोदिया के एलान के बाद केजरीवाल के विरोधी टूट पड़े थे. सवाल ये खड़ा कर दिया था कि क्या पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब का नहीं होगा. यही वजह है कि चौबीस घंटे के भीतर केजरीवाल को ये सफाई देनी पड़ी.






















