जम्मू संभाग में कोरोना वायरस के 12 नए मामले आए सामने, आंकड़ा 900 के पार
जम्मू संभाग में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं.जम्मू-कश्मीर में कोरोना का आंकड़ा 900 के पार हो गया है.

जम्मू: देश के दूसरे राज्यों में फंसे करीब 52 हजार श्रमिकों, मजदूरों, छात्रों और पर्यटकों की प्रदेश वापसी हो गई है. वहीं मंगलवार को जम्मू संभाग में कोरोना वायरस से संक्रमित 12 नए मामले सामने आए हैं. कोरोना संक्रमित इन नए मामलों में छह कठुआ, चार साम्बा और दो रियासी जिलों के हैं.
लॉकडाउन के दौरान मंगलवार शाम तक सड़क के देश के दूसरे राज्यों से जम्मू-कश्मीर के करीब 50 हजार लोगों को प्रदेश लाया जा चुका है. वहीं मंगलवार को रेलमार्ग से कर्नाटक और गोवा से करीब 2200 लोगों को जम्मू के उधमपुर जिले के रेलवे स्टेशन लाया गया. लेकिन, इस सब के बीच जम्मू संभाग में मंगलवार को कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आये, जो अब तक एक दिन में रिकॉर्ड किये गए मामलों में सबसे अधिक है.
जम्मू में जिन नए कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है उनमें जम्मू के साम्बा जिले की 24 साल की लड़की भी शामिल है. बताया जा रहा है कि इस लड़की को संक्रमण किस संक्रमित मरीज के संपर्क में आने से हुआ. इसका पता अभी तक नहीं लग पाया है. यह महिला हाल ही में विजयपुर अस्पताल और एक निजी अल्ट्रासाउंड क्लिनिक में भी गयी थी. फिलहाल इस महिला के पति और दूसरे परिवार के सदस्यों को क्वॉरंटाइन कर दिया गया है.
इसके साथ ही साम्बा जिले के ही बड़ी ब्रह्मणा इलाके की बस्ती इलाके से दो मामले सामने आए हैं. यह दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले है और ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर बताये जा रहे हैं. साम्बा के सीमावर्ती गांव रामगढ़ में पंजाब से लौटी एक 33 साल की महिला को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है.वहीं जम्मू के रियासी जिले की नगरपालिका के एक कर्मचारी को भी कोरोना से संक्रमित पाया गया है. हालांकि, इस शख्स की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है लेकिन यह जिले में चलाये जा रहे सैनिटाइजेशन अभियान में शामिल रहा है, जम्मू के कठुआ जिले के बसोली से पांच और महानपुर इलाके से 1 शख्स को कोरोना से संक्रमित पाया गया है. कठुआ ज़िले में कोरोना संक्रमित पाए गए सभी लोग हाल में ही देश के दूसरे राज्यों से लौटे थे.
ये भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर: शराब की दुकानों का वार्षिक निरीक्षण हुआ अनिवार्य, सुरक्षा की दृष्टि से हुआ फैसला
Source: IOCL



























