Coronavirus: बिहार में 31 मार्च तक सिटी सर्विस और अंतरराज्यीय बसों का परिचालन रहेगा बंद
कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या भारत में तेजी से बढ़ती जा रही है. इस संक्रमण से बचाव के लिए परिवहन विभाग ने सिटी सर्विस की बसों के साथ अंतरराज्यीय बसों के परिचालन पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है.

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता कर्फ्यू के लिए राज्य के लोगों से अपील की है. नीतीश कुमार ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि ना सिर्फ रविवार को रात के नौ बजे तक घर में रहें बल्कि उसके बाद भी न निकलें. महामारी से लड़ने का यही तरीका है. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने बिहार के सभी रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल को भी बंद रखने का आदेश जारी किया है. हालांकि घर पर खाना पहुंचाने की छूट रहेगी.
वहीं बिहार के ट्रांसपोर्ट विभाग ने भी आदेश जारी किया है. बिहार के परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने 31 मार्च तक सभी तरह की बसों के परिचालन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है. परिवहन सचिव ने सिटी बसों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संभावित संक्रमण के फैलने से बचाव के लिए एहतियात के तौर पर राजधानी में सिटी बसों के परिचालन पर रोक लगाई गई है.
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से बचाव के लिए परिवहन विभाग ने पटना में सिटी सर्विसेज की बसों के साथ अंतरराज्यीय बसों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है. शनिवार से सिटी सर्विसेज की बसों का परिचालन बंद कर दिया गया है वहीं रविवार से अंतरराज्यीय बसें भी नहीं चलेंगी.
31 मार्च तक सरकारी एवं प्राइवेट सभी तरह की सिटी बसों एवं अंतरराज्यीय बसों का परिचालन नहीं किया जाएगा. बसों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा. स्थिति सामान्य होने के बाद ही बसों के परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा.
बताते चलें कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पटना में 120 सिटी बसों का परिचालन प्रतिदिन होता है. हर दिन लगभग 50 हजार यात्री सिटी बसों से सफर करते हैं. इससे पहले 31 मार्च तक काठमांडू और जनकपुर के लिए चलने वाली बसों को बंद किया जा चुका है. पब्लिक ट्रांसपोर्ट के वाहनों को सेनेटाइज कराना सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित जिलों के डीटीओ, एमवीआई और ईएसआई को निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें:
Coronavirus: UP सीएम योगी का बड़ा एलान, 35 लाख मजदूरों को 1000 रुपये देगी सरकार


















