तारक मेहता का उलटा चश्मा: इस वजह से बढ़ने वाली हैं गोकुलधाम सोसाइटी की मुश्किलें
सीरियल के मौजूदा ट्रैक की करें तो इस वक्त गोकुलधाम सोसाइटी के लोग 'डरावनी भूतनी' से परेशान हैं.

सब टीवी का मशहूर टीवी शो 'तारक मेहता का उलटा चश्मा' कई सालों से लगातार दर्शकों का एंटरटेनमेंट कर रहा है. पिछले कुछ हफ्तों से सीरियल टीआरपी रेटिंग्स में भी काफी अच्छा परफॉर्म कर रहा है और टॉप 5 में बना हुआ है.
बात अगर सीरियल के मौजूदा ट्रैक की करें तो इस वक्त गोकुलधाम सोसाइटी के लोग 'डरावनी भूतनी' से परेशान हैं. यह डरावनी भूतनी मोहनलाल के घर में रह रही है और इसी वजह से मोहनलाल ने फ्लैट को बेचने का भी फैसला किया. फ्लैट को खरीदने पहुंचने वालों को सोसाइटी से लोगों ने भूतनी से बचकर रहने की चेतावनी भी दी है, लेकिन उन्होंने इस चेतावनी को नहीं माना. इसका नतीजा यह हुआ कि उन्हें भूतनी का शिकार बनना पड़ा.
भूतनी के ड्रामा से परेशान होकर आखिरकार जेठालाल ने इस रहस्य को सुलझाने का फैसला किया है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जेठालाल का आइडिया काम तो कर जाता है, लेकिन मेकर्स ने सोसाइटी के लोगों की मुश्किल को और बढ़ाने का फैसला कर लिया है.
इंडिया फोरम की रिपोर्ट में बताया गया है कि भूतनी की वजह से 'तारक मेहता का उलटा चश्मा' में जबरदस्त ड्रामा होगा. इसके साथ ही मेकर्स ने फैसला किया है कि टीवी एक्टर सुमित अरोड़ा को शो में भूत बनाकर एंट्री दी जाएगी.























