पटकथा अच्छी हुई तो हॉलीवुड फिल्म करना पसंद करूंगी: काजोल
काजोल की आखिरी फिल्म वीआईपी थी जिसमें वह धनुष के साथ नज़र आई थीं. इसके अलावा उन्होंने साल 2015 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘दिलवाले’ में भी नज़र आईं थीं.

मुंबई: डिज्नी पिक्सर के 'इनक्रेडिबल्स 2' के हिंदी संस्करण की डबिंग का हिस्सा बनीं अभिनेत्री काजोल ने कहा कि वह पश्चिम की दुनिया में संभावनाओं को तलाशने और हॉलीवुड फिल्मों में काम करने के लिए तैयार हैं.
काजोल ने कहा, "मैं हॉलीवुड फिल्म में काम करना पसंद करूंगी. कोई खास शैली ध्यान में नहीं है और यह निर्भर करता है कि पटकथा मुझे आकर्षित करती है या नहीं."
अभिनेत्री ने आगे कहा, "मैं (हॉलीवुड फिल्म करने से पहले) वही सवाल करूंगी जो हिंदी फिल्मों का चयन करने से पहले करती हूं." काजोल ने कहा कि उनके बच्चे इस फिल्म में उनकी डबिंग को लेकर उत्साहित हैं.
उन्होंने कहा, "वह पहले से ही बहुत उत्साहित हैं, खासकर जब मैंने उनसे कहा कि हम फिल्म देखने वाले पहले व्यक्ति होंगे. यह उनके लिए बड़ी बात है." आपको बता दें कि काजोल काफी दिनों से फिल्मों से बाहर हैं. काजोल की आखिरी फिल्म वीआईपी थी जिसमें वह धनुष के साथ नज़र आई थीं. इसके अलावा उन्होंने साल 2015 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘दिलवाले’ में भी नज़र आईं थीं.
यहां देखें काजोल की फिल्म 'दिलवाले' का गाना...
Source: IOCL






















