एक्सप्लोरर
सोनिया ने ओम पुरी के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को दिग्गज अभिनेता ओम पुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें बहुमुखी प्रतिभा का धनी अभिनेता करार दिया.
सोनिया ने कहा, "ओम पुरी एक प्रतिभाशाली अभिनेता और सामाजिक रूप से जागरूक थे. भारतीय फिल्म उद्योग ने एक स्तंभ खो दिया." ओम पुरी का शुक्रवार को मुंबई स्थित उनके घर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. बॉलीवुड से हॉलीवुड तक, फीचर फिल्मों से लेकर गंभीर कलात्मक फिल्मों में कई बेहतरीन किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता अपनी बहुमुखी अदाकारी के लिए पहचाने जाते थे. अभिनेता ने भारत, पाकिस्तान, ब्रिटेन और हॉलीवुड की अनेक फिल्मों में काम किया. ओमपुरी को 1990 में देश के चौथे सबसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया था. हरियाणा के अंबाला में एक पंजाबी परिवार में जन्मे पुरी, पुणे के भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान से स्नातक थे. वर्ष 1973 में वह राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के छात्र भी रहे जहां अभिनेता नसीरूद्दीन शाह उनके सह-छात्र थे. ओमपुरी ने वर्ष 1976 में मराठी फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ के साथ फिल्म जगत में अपना पहला कदम रखा. ‘अर्ध सत्य’, ‘मिर्च मसाला’, ‘धारावी’, आक्रोश’, ‘माचिस’, ‘गुप्त’, ‘धूप’, ‘युवा’, ‘डॉन’ ‘अग्निपथ’, ‘बजरंगी भाईजान’ उनकी मशहूर फिल्मों में शुमार हैं. ‘माई सन द फैनेटिक’, ‘ईस्ट इज ईस्ट’, ‘द पैरोल ऑफिसर’ जैसी ब्रिटिश फिल्मों ने उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता दिलाई. ‘सिटी ऑफ जॉय’, ‘वुल्फ’, ‘द घोस्ट एंड द डार्कनेस’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय का जौहर दिखाया.और पढ़ें
Source: IOCL


























