एक्सप्लोरर
Karnataka Election 2023: 'इसी धरती पर कांग्रेस ने किसानों को...', धारवाड़ में अमित शाह की दहाड़- आप जितना गाली दोगे, उतना कमल खिलेगा
Karnataka Elections: अमित शाह ने कहा कि ये रिवर्स गियर वाली (कांग्रेस) सरकार न युवाओं का, न किसानों का और न ही दलितों का भला कर सकती है. कांग्रेस ने हमेशा किसानों का अपमान किया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
Source : Twitter @BJP4India
Karnataka Elections: चुनावी राज्य कर्नाटक में सियासी पारा चढ़ा हुआ है. बीजेपी के स्टार प्रचारक और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के धारवाड़ में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस को अत्याचारी बताया और कहा कि इसी धरती पर उन्होंने किसानों पर गोलियां चलवाई थी. इसके अलावा, कांग्रेस के धर्म के आधार पर आरक्षण देने को असंवैधानिक बताया. आइये जानते हैं कि अमित शाह ने अपने संबोधन में क्या-क्या कहा है?
अमित शाह के संबोधन की बातें
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक के चुनाव कर्नाटक का भविष्य तय करेंगे. ये चुनाव कर्नाटक के आदिवासी समुदायों, कर्नाटक के किसानों और राज्य में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का भविष्य तय करेंगे.
- शाह ने कहा कि एक ओर राहुल बाबा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी है और दूसरी ओर नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी है. ये चुनाव तय करेंगे कि मोदी जी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार अगले पांच साल तक कर्नाटक को आगे ले जाएगी या कांग्रेस सरकार अपने रिवर्स गियर से कर्नाटक को पीछे ले जाएगी.
- अमित शाह ने कहा कि 'ये रिवर्स गियर वाली (कांग्रेस) सरकार न युवाओं का भला कर सकती है, न किसानों का भला कर सकती है और न ही दलितों का भला कर सकती है. कांग्रेस ने हमेशा किसानों का अपमान किया, अत्याचार किया. आज मैं नवलगुंद में आया हूं और ये वही धरती है जहां कांग्रेस पार्टी ने किसानों पर लाठियां चलाई थीं, गोलियां चलाई थीं और किसानों को भून दिया था.
- उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तीनों जगह सरकारें थीं- केंद्र, कर्नाटक और गोवा, लेकिन कांग्रेस महादयी मुद्दा नहीं सुलझा पाई. मोदी जी ने महादयी का मुद्दा सुलझा कर उत्तरी कर्नाटक में किसानों के जीवन में खुशी और आनंद लाने का काम किया है.
- गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के विपरीत, बीजेपी ने किसानों के कल्याण के लिए हर कदम उठाया है. उचित और लाभकारी मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने से लेकर सिंचाई और संबंधित कृषि जरूरतों के लिए बुनियादी ढांचे के निर्माण तक, बीजेपी ने किसानों के लाभ के लिए बहुत काम किया है.
- शाह ने कहा कि हमारे कर्नाटक के किसान रागी बोते हैं. कांग्रेस ने 70 सालों में रागी को एमएसपी पर नहीं खरीदा था. येदियुरप्पा जी ने और बोम्मई जी ने रागी को एमएसपी पर खरीदा और किसानों को समृद्ध बनाया.
- अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया हमारे पीएम मोदी जी की प्रशंसा करती है. लेकिन कांग्रेस का स्तर और उसका नेतृत्व देखिए, मोदी जी के बारे में इसके नेताओं की टिप्पणी बेहद शर्मनाक है. खरगे ने मोदी जी को 'जहरीला सांप' कहा. क्या आप ऐसी पार्टी को राज्य का नेतृत्व करा सकते हैं? कभी नहीं.
- उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे... मोदी जी की तुलना काले सांप से करते हैं, कभी ये कांग्रेस वाले कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी, सोनिया गांधी कहती हैं मौत का सौदागर, प्रियंका गांधी कहती हैं नीच जाति के लोग. कांग्रेस वालों… आपकी मति मारी गई है. मोदी जी को आप जितनी गाली दोगे, कमल उतना खिलेगा.
- गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी भारत के एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने एक गरीब परिवार में जन्म लिया है और एक चायवाले के बेटे हैं. एक गरीब परिवार में पलने से लेकर देश के करोड़ों गरीबों की सेवा करने और उनका कल्याण करने तक, उनकी जीवन यात्रा गौरवशाली रही है.
- शाह ने कहा की कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण दिया. इसने मुसलमानों को आरक्षण दिया था जो विशुद्ध रूप से असंवैधानिक था. यह बीजेपी ही थी जिसने कांग्रेस की इस गलती को सुधारा और इसके बदले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, वोक्कालिगा और लिंगायतों के लिए आरक्षण कोटा बढ़ा दिया.
ये भी पढ़ें- Karnataka Election 2023: चिक्कमगलुरु की रैली में जेपी नड्डा ने भरी हुंकार, कांग्रेस पर किया प्रहार
और पढ़ें














