ठंड में सुबह कार स्टार्ट करते वक्त बरतें ये सावधानियां, बच जाएगा मोटा खर्च
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही गाड़ियों की देखभाल करना जरूरी हो जाता है. ठंड बढ़ने पर कई बार सुबह कार स्टार्ट करने में परेशानी आती है. इसका एक कारण कम तापमान में इंजन ऑयल का गाढ़ा होना और बैटरी की क्षमता कम होना भी है. ऐसे में जल्दबाजी में बार-बार सेल्फ मारना या कार स्टार्ट होते ही तेज रफ्तार से चलाना नुकसानदायक होता है. इससे बैटरी और इंजन पर दबाव बढ़ता है और मरम्मत पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं. कुछ आसान टिप्स फॉलो करके इन परेशानियों से बचा जा सकता है.
कार स्टार्ट करने से पहले बंद रखें इलेक्ट्रॉनिक चीजें
सुबह कार स्टार्ट करने से पहले हेडलाइट, म्यूजिक सिस्टम, एसी, हीटर और वाइपर जैसी चीजों को बंद कर दें. इससे बैटरी पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और इंजन स्टार्ट करने के लिए उसकी ऊर्जा का इस्तेमाल होता है. खासकर ज्यादा ठंड में कमजोर बैटरी वाली कार को स्टार्ट करने में परेशानी आती है. कार में चाबी लगाने के बाद तुरंत सेल्फ मारने के बजाय पहले इग्निशन ऑन करें और डैशबोर्ड की लाइट्स देखें. डीजल कार में ग्लो प्लग का संकेत आने पर उसके बंद होने का इंतजार करें. इससे इंजन स्टार्ट करने की प्रक्रिया सही तरीके से पूरी होती है. वहीं, मैनुअल गियर वाली कार में क्लच पैडल को पूरा दबाकर स्टार्ट करना भी मददगार होता है.
यह भी पढ़ें : दिवाली पर नई कार का सपना होगा पूरा, बजट में मिलेंगी ये 5 SUV
बार-बार सेल्फ मारने से बचें
अगर ठंड में पहली बार में कार स्टार्ट नहीं होती है, तो बार-बार सेल्फ मारने की गलती न करें. लगातार लंबे समय तक सेल्फ लेने से बैटरी की ऊर्जा तेजी से खत्म होती है. इससे स्टार्टर मोटर पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इसलिए एक बार में करीब 8 से 10 सेकंड तक ही सेल्फ लें. अगर इंजन चालू नहीं होता है, तो दोबारा कोशिश करने से पहले 15 से 30 सेकंड का अंतर रखें.
अगर कई कोशिशों के बाद भी कार स्टार्ट नहीं होती, तो समस्या को नजरअंदाज न करें. बैटरी कमजोर होने, ईंधन की आपूर्ति में परेशानी या किसी दूसरे तकनीकी कारण से ऐसा हो सकता है. ऐसी स्थिति में मैकेनिक की मदद लें. समय पर जांच कराने से बड़ी खराबी और ज्यादा खर्च से बचा जा सकता है.
स्टार्ट करने के बाद रखें इन बातों का ख्याल
कार स्टार्ट होने के बाद तुरंत एक्सीलरेटर दबाकर तेज रफ्तार से चलाने से बचें. इंजन को कुछ समय सामान्य गति पर चलने दें, ताकि इंजन ऑयल उसके जरूरी हिस्सों तक पहुंच सके. इसके बाद गाड़ी चलाना शुरू करें. न्यू फीचर कारों को लंबे समय तक खड़ा रखकर गर्म करने की जरूरत आमतौर पर नहीं होती. करीब 30 से 60 सेकंड रुकने के बाद आराम से गाड़ी चलाना शुरू कर सकते हैं. शुरुआती 2 से 3 किलोमीटर तक कार को नॉर्मल स्पीड से चलाएं और अचानक तेज रफ्तार पकड़ने से बचें. जब तक इंजन नॉर्मल तापमान पर नहीं पहुंचता, तब तक उस पर ज्यादा दबाव न डालें. इसके अलावा, सर्दियों में कार की बैटरी, इंजन ऑयल और कूलेंट की समय-समय पर जांच कराते रहें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख कर कार की उम्र बढ़ाने, अचानक आने वाली परेशानी से बचने और गैर-जरूरी खर्च कम कर सकते हैं
यह भी पढ़ें : Vellfire की बढ़ेगी टेंशन, भारत आ रही BYD की लग्जरी कार























