कुंबले को बनना चाहिए मुख्य चयनकर्ता पर बीसीसीआई को वेतन बढ़ाने की जरूरत: सहवाग
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि अनिल कुंबले को भारतीय टीम का मुख्य चयनकर्ता बनना चाहिए।

नई दिल्ली, एबीपी गंगा। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि पूर्व लेग स्पिनर को भारतीय टीम का मुख्य चयनकर्ता बनना चाहिए। अपनी बेबाक राय रखने के लिए मशहूर सहवाग ने यह भी कहा कि बीसीसीआई को चयन समिति के प्रमुख को अधिक वेतन देने की जरूरत है। एमएसके प्रसाद की अगुआई वाली मौजूदा चयन समिति को उनके कम टेस्ट अनुभव के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा है। इस समिति के सदस्यों का कुल अनुभव 13 टेस्ट मैचों का है।
सहवाग ने नयी ऐप ‘द सिलेक्टर ’ के लांच के दौरान संवाददाताओं से कहा , 'मुझे लगता है कि चयन समिति के अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुंबले सही दावेदार होंगे। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने सचिन (तेंदुलकर), सौरव (गांगुली) और राहुल (द्रविड़) के साथ एक खिलाड़ी के रूप में बात की है और युवाओं के साथ कोच के रूप में।' 
सहवाग ने आगे कहा , 'जब मैंने वापसी की थी (आस्ट्रेलिया श्रृंखला 2007-08) तो कप्तान कुंबले मेरे कमरे में आए थे और कहा था कि अगली दो श्रृंखला में आपको नहीं हटाया जाएगा। खिलाड़ी को इसी तरह के आत्मविश्वास की जरूरत होती है।' सहवाग ने हालांकि कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कुंबले इस पद के लिए राजी होंगे क्योंकि अध्यक्ष को अभी वार्षिक एक करोड़ रुपये का वेतन मिलता है। सहवाग ने यह भी कहा कि बीसीसीआई को वेतन में इजाफा करना चाहिए।
'रहाणे को मिलना चाहिए मौका' वेस्टइंडीज के खिलाफ गुरुवार से शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट की अंतिम एकादश के बारे में पूछने पर सहवाग ने कहा कि अगर भारत पांच गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला करता है तो अजिंक्य रहाणे को मौका मिलना चाहिए। सहवाग ने कहा कि अजिंक्य रहाणे काफी समय से चौथे नंबर (पांचवें नंबर) पर बल्लेबाजी कर रहा है इसलिए अगर पांच गेंदबाजों को खिलाया जाता है तो उसे खेलना चाहिए। रोहित शर्मा का मौका तभी बनता है जब आप चार गेंदबाजों के साथ उतरो।























