Watch: 'पारदर्शी सड़क...', वाराणसी में धंसा रोड तो अखिलेश यादव ने BJP पर कसा तंज
UP News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वाराणसी की गड्ढे वाली सड़क का वीडियो शेयर कर बीजेपी पर तंज कसा है. उन्होंने बीजेपी के विकास मॉडल पर सवाल उठाए. सिगरा की सड़क अचानक धंस गयी थी.

UP News: वाराणसी की एक सड़क सोमवार को अचानक धंस गई. बेहद व्यस्त सिगरा में 6 फीट का बड़ा गड्ढा हो गया. गड्ढा की वजह से रास्ते पर जाम लग गया. घंटों आवागमन प्रभावित रहा. प्रशासन की टीम ने प्रभावित इलाके में बैरिकैडिंग लगाकर वैकल्पिक मार्ग से ट्रैफिक शुरू करवाया. सड़क धंसने के बाद सिगरा रथयात्रा मार्ग पर दिन भर जाम लगा रहा. रात तक लोग जाम से जूझते दिखाई दिए. अखिलेश यादव ने गड्ढे वाली सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर बीजेपी के विकास मॉडल को आड़े हाथों लिया.
अखिलेश यादव ने वाराणसी के विकास पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "देश के प्रधान संसदीय क्षेत्र में धरती की गोद में समायी भ्रष्टाचार की सड़क. शुक्र मनाइए कि G-20 के समय ऐसा नहीं हुआ, नहीं तो बीजेपी सरकार को विदेशी मेहमानों से कहना पड़ता ये है हमारी 'करप्शन कला' का अद्भुत नमूना, पारदर्शी सड़क!"
सोशल मीडिया पर गड्ढे वाली सड़क का शेयर किया वीडियो
अखिलेश यादव ने लिखा कि "बीजेपी सरकार कह रही है भ्रष्टाचार करनेवालों के खिलाफ हम बुलडोजर चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन क्या करें हमारी बनाई कोई सड़क बुलडोजर का वजन उठाने लायक बनी ही नहीं है. भ्रष्टाचारी भाजपाई कह रहे हैं हमारी नियत में खोट नहीं है, काम में भले है."
देश के ‘प्रधान संसदीय क्षेत्र’ में धरती की गोद में समायी भ्रष्टाचार की सड़क… शुक्र मनाइए कि G-20 के समय ऐसा नहीं हुआ, नहीं तो भाजपा सरकार को विदेशी मेहमानों से कहना पड़ता ये है हमारी ‘करप्शन कला’ का अद्भुत नमूना : पारदर्शी सड़क!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 12, 2024
भाजपा सरकार कह रही है भ्रष्टाचार करनेवालों के… pic.twitter.com/0Gvy9okqCS
दरअसल कुछ हफ्ते पहले सिगरा में जल निगम ने सीवर का काम किया था. लोगों का आरोप है कि काम खत्म होने के बाद गड्ढे को भरा नहीं गया. सरकारी विभाग का भ्रष्टाचार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. बीच सड़क 6 फीट का गहरा गड्ढा हो गया. सबसे ज्यादा मुश्किल सिगरा क्षेत्र के कामकाजी लोगों को हुई. देर रात तक लोग जाम से जूझते दिखाई दिए. जाम से बचने के लिए राहगीरों ने महमूरगंज मार्ग का सहारा लिया. मलदहिया चौराहे से भी वाहनों को निकाला गया. सड़क पर गड्ढे को भरने का काम जारी है.























