रुड़की में स्कूल छोड़ नगर निगम पहुंचे बच्चे, जलभराव पर जताई नाराजगी
रुड़की में शुक्रवार को नगर निगम परिसर में पहुंचकर कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने अनोखा विरोध किया. स्कूल के बाहर कई-कई फीट तक भरे पानी की समस्या को सामने रखा.

उत्तराखंड के रुड़की में शुक्रवार (21 अगस्त) को उस वक्त नगर निगम परिसर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तीन बसें एक के बाद एक नगर निगम कार्यालय पहुंचीं. बसों से उतरकर बच्चे सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंचे और स्कूल के बाहर कई-कई फीट तक भरे पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया.
बच्चों के साथ पहुंचे शिक्षकों ने भी नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. खास बात यह रही कि विरोध के दौरान शिक्षकों ने नगर निगम कार्यालय में ही बच्चों की क्लास लगा दी और अधिकारियों को संदेश दिया.
साहिल लोचब का धर्म क्या है? FIR दर्ज होने के बाद खुद बताया
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रुड़की के कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर जलभराव की समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा. स्कूल के बाहर कई फीट तक पानी जमा होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसी समस्या को लेकर स्कूल की तीन बसें बच्चों और शिक्षकों को लेकर रुड़की नगर निगम पहुंचीं.
जलभराव की समस्या पर जताई नाराजगी
एक साथ तीन स्कूल बसों के नगर निगम परिसर में पहुंचने से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए. बच्चों और शिक्षकों ने नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के कार्यालय पहुंचकर जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की. शिक्षकों का कहना था कि स्कूल के बाहर जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं.
नगर निगम कार्यालय बच्चों की क्लास
विरोध का अंदाज भी काफी अलग नजर आया. नगर निगम कार्यालय में ही शिक्षकों ने बच्चों की क्लास लगा दी. बच्चों ने वहीं बैठकर पढ़ाई की और इस तरह जिम्मेदार अधिकारियों को यह संदेश देने की कोशिश की कि जलभराव की समस्या केवल सड़क पर पानी भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है.
रुड़की में बच्चों और शिक्षकों के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि नगर निगम इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है.
राहुल गांधी और साहिल के साथ दिखीं वकील कौन हैं?






















