'जाट समाज को...', अखिलेश के 'चवन्नी' वाले बयान पर भड़के जयंत चौधरी
अखिलेश यादव के चवन्नी वाले बयान पर रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने फिर से निशाना साधा है. उन्होंने इस बयान को जाट समाज के अपमान के साथ जोड़ दिया और सपा मुखिया को अहंकारी बताया.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'चवन्नी से रुपया' बनाने वाले बयान पर जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही हैं. राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया और केंद्र सरकार में मंत्री जयंत चौधरी ने एक बार फिर से अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया और उनके बयान को सीधा जाट समाज के अपमान से जोड़ दिया.
रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया और उन्हें अहंकारी बताया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को कुछ कहना था तो वो मेरा नाम लेकर सीधा बोल देते लेकिन ये उनका अंहकार है. और ऐसा आचरण सिर्फ पतन ही लाता है.
सपा मुखिया पर जयंत चौधरी का पलटवार
जयंत चौधरी ने लिखा- 'सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी... जाट समाज को टारगेट करना और कहना ABCD हमने सिखाई? मैं इस अहंकार को देख चुका हूँ करीब से और मानता हूँ ऐसा आचरण सिर्फ़ पतन लाता है!'
इससे पहले भी जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी बात कहने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा कि वो अपनी बात कहें तो अच्छा है. उनके साथ खड़े हनने वाले सहयोगी, जिन्होंने आजतक उनका सहयोग हो उनको वो इस तरह की बयानबाजी करके सोचने पर मजबूर कर रहे हैं. बाकी ये लोकतंत्र हैं यहां जनता सबको बनाती और बिगाड़ती है.
अखिलेश यादव ने दिया था ये बयान
दरअसल अखिलेश यादव ने बीते दिनों अपने सहयोगी रहे दलों पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए जयंत चौधरी पर तंज कसा था. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा अपने सहयोगी दलों को आगे बढ़ाने का काम किया, इसके बावजूद कुछ लोग उनका साथ छोड़कर चले गए. उन्होंने कहा कि "कहां-कहां से आ गए थे, हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, तब भी लोग छोड़कर चले गए.
सपा प्रमुख का ये बयान जयंत चौधरी के उस पुराने बयान पर तंज था, जब वो अखिलेश यादव के साथ थे और उन्होंने बीजेपी में जाने की चर्चाओं का जवाब देते हुए कहा था कि वो चवन्नी नहीं है जो पलट जाएं.























