Jodhpur News: जोधपुर शहर के सभी ठाकुर जी के मंदिर में भगवान की प्रतिमा को पहनाए गए ऊनी कपड़े
राजस्थान में मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और कई जगह बारिश की संभावना जताई है. एक तरफ लोगों ने खुद को ठंड से बचाना शुरू कर दिया है वहीं भगवान को भी गर्म कपड़े पहनाए जाने लगे हैं.

Rajasthan News: राजस्थान में मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और कई जगह बारिश की संभावना जताई है. इसी के साथ ही जोधपुर में मौसम ने करवट ले ली है और सर्दी की शुरुआत हो चुकी है. आम लोग अब गर्म कपड़ों में ढंके नजर आने लगे हैं तो साथ ही आसमान में बादलों का डेरा दिखाई दे रहा है. एक तरफ लोगों ने खुद को ठंड से बचाना शुरू कर दिया है वहीं मंदिरों में भगवान की प्रतिमा को भी गर्म कपड़े पहनाए जाने लगे हैं.
भगवान की प्रतिमा को पहनाए गए ऊनी कपड़े
श्रीनाथजी के मंदिर की तर्ज पर और ऋतु के अनुसार जोधपुर शहर के सभी ठाकुर जी के मंदिर में भगवान की प्रतिमा को गर्म ऊनी कपड़े पहनाए गए. जोधपुर के कुंज बिहारी मंदिर में आज सुबह भगवान कुंज बिहारी जी की प्रतिमा को गर्म कपड़ों से ढका गया. जोधपुर शहर में कई ठाकुर जी के मंदिर हैं. इन मंदिरों में खासतौर से कुंज बिहारी जी का मंदिर 229 साल पुराना है.
इस मंदिर की स्थापना 1790 में तत्कालीन महाराजा की दूसरी पत्नी गुलाब राय ने की थी. श्रद्धालु इस मंदिर में तीज त्योहार धूमधाम से मनाते हैं. सर्दी में खास तौर से श्रृंगार किया जाता है. मंदिर में प्रतिदिन मंगला ,श्रृंगार, राजभोग, स्थापन, संध्या झांकी और शयन सहित छह बार आरती होती है. मंदिर के गर्भ गृह की दीवारों पर नाथद्वारा चित्र शैली के अनूठे कलात्मक चित्र बने हुए हैं. पूरा मंदिर राम व कृष्ण की लीलाओं से सुसज्जित है.
Source: IOCL


























